Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव करते हुए अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह को नया कप्तान नियुक्त किया है। वहीं विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को दोनों प्रारूपों में उपकप्तान बनाया गया है। यह फैसला हश्मतुल्लाह शाहिदी के कप्तानी छोड़ने के बाद लिया गया है।

शाहिदी के कार्यकाल का हुआ अंत

33 वर्षीय रहमत शाह ने हश्मतुल्लाह शाहिदी की जगह ली है। शाहिदी ने जनवरी 2022 से अफगानिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी की थी और इस दौरान 55 मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिसमें 27 मुकाबलों में जीत मिली। मई 2021 से रहमत शाह टेस्ट और वनडे टीम के उपकप्तान की भूमिका निभा रहे थे।

ACB ने शाहिदी का जताया आभार

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि वह हश्मतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी, समर्पण और योगदान की सराहना करता है। बोर्ड ने रहमत शाह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में टीम नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

शाहिदी की कप्तानी में बने कई रिकॉर्ड

शाहिदी के नेतृत्व में अफगानिस्तान ने 2023 वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए छठा स्थान हासिल किया था। टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमों को हराया। इसी प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान ने पहली बार 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई किया, जहां इंग्लैंड पर जीत भी दर्ज की। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच बारिश में धुलने से टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। उनके कार्यकाल में अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज भी जीती।

आयरलैंड दौरे से शुरू होगा नया अध्याय

रहमत शाह और रहमानुल्लाह गुरबाज की नई कप्तानी जोड़ी अगस्त में आयरलैंड दौरे से अपनी जिम्मेदारी संभालेगी। इस दौरे पर अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

रहमत शाह पर बोर्ड को पूरा भरोसा

ACB ने कहा कि रहमत शाह के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव, नेतृत्व क्षमता और टीम की गहरी समझ है। बोर्ड को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में अफगानिस्तान क्रिकेट नई सफलताएं हासिल करेगा।