स्पोर्ट्स डेस्क : कगिसो रबाडा ने मंगलवार (26 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ IPL 2026 के क्वालिफायर 1 मैच में गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करते हुए बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में मुकाबले में रबाडा ने RCB की पारी का दूसरा ओवर फेंका और छठी गेंद पर वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया। मध्य प्रदेश के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को एक हवाई शॉट खेलने की कोशिश में शुभमन गिल ने कैच कर लिया। वेंकटेश के विकेट ने रबाडा को IPL के एक सीजन में पहले छह ओवरों (पावरप्ले) में सबसे ज़्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ने में मदद की।
IPL के मौजूदा 2026 सीजन में रबाडा ने पावरप्ले में 18 विकेट लिए हैं जोकि सबसे ज्यादा हैं। IPL के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने का पिछला रिकॉर्ड मोहम्मद शमी के नाम था। शमी ने IPL के 2023 सीजन में गुजरात टाइटन्स के लिए पावरप्ले में विरोधी टीम के 17 बल्लेबाजों को आउट किया था। IPL के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में रबाडा और शमी के बाद मिचेल जॉनसन और ट्रेंट बोल्ट का नाम आता है। जॉनसन और बोल्ट दोनों ने IPL के 2013 और 2020 सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए पावरप्ले में 16-16 विकेट लिए थे।
IPL के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट
18 कगिसो रबाडा (2026) *
17 मोहम्मद शमी (2023)
16 मिशेल जॉनसन (2013)
16 ट्रेंट बोल्ट (2020)
अय्यर का विकेट, जिन्होंने 7 गेंदों में 19 रन (3 चौके, 1 छक्का) बनाए थे, रबाडा को IPL 2026 के 15 मैचों में अपने विकेटों की संख्या 25 तक पहुंचाने में भी मदद मिली। वह अब IPL 2026 में पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं। मौजूदा सीजन में GT के लिए 25 विकेट लेने के साथ ही रबाडा दुनिया के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने IPL के तीन सीजन में 25 या उससे ज़्यादा विकेट लिए हैं।
IPL 2026 में GT के लिए 25 विकेट लेने से पहले रबाडा ने IPL 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 12 मैचों में 25 बल्लेबाजों को आउट किया था और 2020 सीजन में 30 विकेट लिए थे। 2020 में उन्होंने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 मैच खेले।