Sports

मुंबई: पृथ्वी शाॅ को कंधे की चोट के कारण शनिवार को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) भेज दिया गया जिससे उनका भारत ए टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर जाना संदिग्ध हो गया है। मुंबई और कर्नाटक के बीच रणजी ट्राॅफी मैच के पहले दिन ओवरथ्रो रोकने के प्रयास में शाॅ के कंधे में चोट लग गई थी। उन्होंने दूसरे दिन क्षेत्ररक्षण नहीं किया और वह बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतरे। बाद में उन्हें बेंगलुरू भेज दिया गया। 

PunjabKesari
आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए शाॅ को भारत ए की दोनों टीमों में चुना गया है। टीम 10 जनवरी को न्यूजीलैंड के लिये रवाना होगी। मुंबई टीम के मीडिया मैनेजर अजिंक्या नाइक ने कहा, ‘उन्हें एनसीए में बुलाया गया है। मुंबई क्रिकेट संघ को बीसीसीआई से ईमेल मिला। वह बेंगलुरू रवाना हो गए हैं। वह अपना हाथ तक नहीं उठा पा रहे हैं। उनके कंधे में दर्द है।' उन्होंने कहा, ‘वह बल्लेबाजी करने की स्थिति में नहीं थे। उनकी चोट कितनी गंभीर है यह एनसीए में ही पता चल पाएगा।' शाॅ का शुक्रवार को मुंबई के फिजियो की मौजूदगी में एमआरआई स्कैन करवाया गया था। साव की अनुपस्थिति में मुंबई की तरफ से टेस्ट विशेषज्ञ अंजिक्य रहाणे ने पारी की शुरुआत की।