Sports

विशाखापत्तनम: राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन भारोत्तोलक पूनम यादव ने सोमवार को यहां सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में 63 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतने वाली रेलवे की पूनम ने महिलाओं के 81 किग्रा में 220 किग्रा भार उठाकर सोने का तमगा जीता। दिल्ली की सीमा ने रजत और पंजाब की मनप्रीत कौर ने कांस्य पदक हासिल किया।

पुरूषों के 73 किग्रा में पश्चिम बंगाल के अचता शेहुली ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के अक्षय गायकवाड़ ने रजत और तमिलनाडु के एम रंजन ने कांस्य पदक जीता। पुरूषों के 81 किग्रा में असम के पापुल चांगमई ने सोने का तमगा हासिल किया। सेना के सांबो लापुंग ने रजत और पंजाब के अमरजीत गुरू ने कांस्य पदक जीता।