नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइर्ड के खिलाफ दुबई के मैदान पर खेला गया मैच मुंबई इंडियंस के ऑलराऊंडर कैरोन पोलार्ड के लिए ऐतिहासिक हो गया। यह मुंबई के लिए उनका 150 वां मैच था। 150 मैच खेलने के बाद पोलार्ड ने अपनी दिल की बात सबके सामने रखी। उन्होंने कहा- वर्षों से, कुछ लोग टीम से टीम में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन मैं 11 साल से एक ही टीम के साथ हूं। एक छोटे शहर के लड़के के लिए 150 मैच खेलना। यह मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
पोलार्ड ने इस दौरान मैच की परिस्थितियों पर भी बात की। उन्होंने कहा- वास्तव में केवल 7 गेंदों का सामना करने के बाद आप परिस्थितियों का आकलन नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा प्रयास था। डी कॉक के जल्दी आऊट होने के बाद सूर्याकुमार और रोहित ने जिम्मेदारी उठाई। रोहित ने अपना क्लास दिखाया। मुझे लगता है कि अंत में 195 एक अच्छा टोटल था।
बता दें कि पोलार्ड लंबे समय से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए हैं। कोलकाता के खिलाफ खेला गया मैच मुंबई के लिए उनका 150 मैच था। वह अब तक 2700 से ज्यादा रन बना चुके हैं जिसमें 14 अर्धशतक भी शामिल हैं। पोलार्ड के नाम पर 183 चौके और 177 छक्के भी दर्ज हैं। वहीं, गेंदबाजी करते हुए वह 56 विकेट भी निकाल चुके हैं। इस दौरान उनकी औसत 31 के आसपास रही है।