Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के बाद पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक ने उनकी तारीफ की थी। साथ ही उन्होंने धोनी के विदाई मैच को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर निशाना बनाते हुए इसे बोर्ड की हार बताया था। लेकिन ये बात पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पसंद नहीं आई और उसने सकलैन को फटकार लगाते हुए यूट्यूब पर वीडियो ना डालने की हिदायत दी है। सकलैन पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में इंटरनेशनल प्लेयर्स खिलाड़ी डेवलपमेंट के प्रमुख हैं। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी की तारीफ से नाखुश पीसीबी ने साफ तौर पर कहा है कि हाई परफॉर्मेंस सेंटर और प्रांतीय टीमों के कोचों को यूट्यूब पर काम नहीं कर सकते। इसी के साथ ही मीडिया में साक्षात्कार देने से पहले भी उन्हें पीसीबी से अनुमति लेनी होगी। सकलैन समेत सभी कोचों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन होने पर उक्त व्यक्ति के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। 

गौर हो कि धोनी ने 15 अगस्त की शाम अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा था कि 19.29 बजे से उन्हें रिटायर्ड समझा जाए। इसके बाद बहुत से लोगों ने धोनी के साथ बिताए पलों और उनकी कप्तानी की तारीफ की थी। इस दौरान सकलैन ने कहा था कि धोनी के लाखों-करोड़ों फैंस उन्हें संन्यास के पहले एक बार नीली जर्सी में मैदान पर खेलते हुए देखना चाहते थे। धोनी को इस तरह संन्यास नहीं लेना चाहिए था। वहीं उन्होंने धोनी को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं।