Sports

भुवनेश्वर : राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री  शुरू हो गई। टूर्नामेंट का आयोजन कटक के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 17 से 22 जुलाई तक किया जाएगा। प्रशंसक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.पेटीएम.काम और डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.इनसाइडर.काम से टिकट खरीद सकते हैं और जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम पर बनाए गए बाक्स आफिस से 15 जुलाई के बाद इन्हें लिया जा सकता है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार स्टेडियम में प्रवेश के लिए वास्तविक टिकट का होना अनिवार्य है।

दैनिक टिकट की कीमत 50 और 100 रुपए है जबकि सत्र का टिकट (सभी 6 दिन प्रवेश) 200 और 400 रुपए का है। 6 दिवसीय प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की एकल और टीम स्पर्धाएं होंगी। टूर्नामेंट में 16 देश हिस्सा ले रहे हैं जिसमें भारत के अलावा आस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, साइप्रस, इंग्लैंड, घाना, गुयाना, मलेशिया, नाइजीरिया, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, युगांडा और वेल्स की टीमें हिस्सा लेंगी।