Sports

जकार्ता : इंडोनेशिया में शुरू हो रहे 18वें एशियाई खेलों में फिलीपींस के कोंग टी यांग सबसे उम्रदराज एथलीट होंगे जबकि इंडोनेशिया की अलीका नोवेरी सबसे युवा एथलीट हैं और दोनों के बीच उम्र का अंतर 76 वर्ष का है। 85 साल के फिलीपींस के ब्रिज खिलाड़ी का जन्म 1933 में हुआ था जबकि स्केटबोर्डर अलीका मात्र नौ साल की हैं जिनका जन्म 2009 में हुआ है। मौजूदा एशियाई खेलों में इन दोनों ही खेलों को पहली बार शामिल किया गया है। एशियाड में दोनों ही खेलों के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है हालांकि स्केटबोर्डर और ब्रिज खेलों के अंतरराष्ट्रीय महासंघ स्वयं उम्र का पैमाना तय करते हैं। ताश के खेल में शारीरिक क्षमता के बजाय मानसिक मजबूती की जरूरत होती है इसलिए पुरूष और महिला दोनों वर्गों मेें ही उम्रदराज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

PunjabKesari

ब्रिज में यांग के अलावा 82 वर्षीय सिंगापुर के ला चुन एनजी और मलेशिया के 81 वर्षीय हंग फोंग ली भी 80 साल से अधिक उम्र के एथलीट अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। एशियाड में इस बार ब्रिज में सबसे अनुभवी खिलाडिय़ों का जमावड़ा रहेगा जिसमें 11 खिलाड़ी 70 से 79 आयु वर्ग के हैं जिसमें इंडोनेशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बम्बांग हर्ताेनो भी शामिल हैं जो 79 वर्ष के हैं। इसके अलावा ब्रिज के खेल में 30 खिलाड़यिों की उम्र 60 से 69 वर्ष के बीच में है।

हार्तोने 16.7 अरब डॉलर के साथ सबसे अमीर एथलीट 

PunjabKesari

हार्ताेनो एशियाई खेलों में हिस्सा ले रहे 17000 खिलाडिय़ों में भी सबसे अमीर एथलीट हैं जिनकी कुल आय 16.7 अरब डॉलर है। हार्ताेनो ने कहा- मैं ताश का खेल अपना दिमाग तेज रखने के लिए खेलता हूं और यह खेल मैं छह वर्ष की उम्र से खेल रहा हूं। हार्ताेनो ने खेल शुरू होने से पूर्व ही एलान किया है कि यदि वह एशियाड में स्वर्ण जीतते हैं तो अपनी ईनामी राशि को एथलीट ट्रेनिंग प्रोग्राम को दान कर देंगे। 82 वर्षीय ब्रिज खिलाड़ी एनजी ने कहा- मैंने ब्रिज 30 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था क्योंकि मुझे यह बहुत दिमाग का खेल लगा। ब्रिज के खेल में इस बार पुरूष, महिला, पुरूष युगल, मिश्रित टीम, मिश्रित युगल और सुपर मिश्रित टीम वर्ग में पांच स्वर्ण पदक दांव पर हैं।

इंडोनेशियाई एशियाई खेल आयोजन समिति (आईएनएएसजीओसी) ने अपनी वेबसाई पर लिखा- स्केटबोर्डिंग के खेल में खिलाडिय़ों को कौशल, फुर्ती, संतुलन और तेजी की जरूरत होती है। यह खेल युवाओं में काफी लोकप्रिय है और इसमें हिस्सा लेने वाले 60 फीसदी एथलीट 20 वर्ष से कम आयु के हैं। 9 साल की नोवेरी एशियाड में हिस्सा लेने वाली सबसे युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने सात साल की उम्र से इस खेल को शुरू किया था।   स्केटबोर्डिंग में इस बार चार स्वर्ण दांव पर लगे हैं जिसमें इंडोनेशिया को तीन स्वर्ण पदकों की उम्मीद है। स्केटबोर्डिंग के खेल को 2020 टोक्यो ओलंपिक में भी शामिल किया गया है जिससे इसकी अहमियत और भी बढ़ गई है।