Sports

लंदन : सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच ने बुधवार रात खेले गये मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए यूनान के स्टेफानोस सितसिपास को हराकर विंबलडन के तीसरे दौर मे जगह बना ली है। एक घंटे 38 मिनट तक चले मुकाबले में जोकोविच ने सितसिपास को 6-3, 6-4, 6-2 से हराकर 20वीं बार इस ग्रास-कोर्ट मेजर टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में जगह बनाई। 

सात बार के विंबलडन चैंपियन जोकोविच हर मामले में शानदार दिखे। उन्होंने मैच के दौरान 33 विनर्स लगाए और केवल सात अनफोर्स्ड एरर्स किए। 39 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी ने उस गेम में तीन विनर्स लगाए - जिसमें एक बेहतरीन लॉब शॉट भी शामिल था जो बेसलाइन के अंदर बिल्कुल सही जगह गिरा। तीसरे दौर में जोकोविच का सामना 25वीं वरीयता प्राप्त आर्थर रिंडरकनेच से होगा, जिन्होंने अभी हाल ही में माटिर्न डाम को तीन सेटों में हराया है। जोकोविच और रिंडरकनेच अपने करियर में पहली बार आमने-सामने होंगे। 

मैच के बाद जोकोविच ने कहा, 'जब आप इस तरह खेलते हैं तो कोर्ट पर बहुत खुशी, संतुष्टि और आनंद महसूस होता है। एक बार जब मोमेंटम बन जाता है... वह गेम जिसमें मैं 5-2 से आगे हुआ, वह हाल के समय में खेले गए मेरे सबसे अच्छे रिटर्न गेम्स में से एक था। मैंने बस अपने शॉट्स खेले। मैं थोड़ा ज्यादा रिलैक्स्ड था, दिमाग में तनाव कम था।'