Sports

जालन्धर : डबलिन क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड महिला टीम ने तूफान लाते हुए आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में 490 रन ठोक दिए। बैटिंग के सहयोगी पिच पर न्यूजीलैंड की कप्तान सूजी बेट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। ओपनिंग करने बेट्स के साथ जेस वाटकिन पहुंचीं। दोनों ने पहले ओवर से ही आयरलैंड की गेंदबाजों की खबर लेनी शुरू कर दी। 18.5 ओवर में जब वाटकिन की विकेट गिरी तब तक न्यूजीलैंड 172 रन बना चुका था। वाटकिन ने 59 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए थे। बता दें कि इससे पहले वनडे में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड इंगलैंड के नाम पर है। इंगलैंड की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 444 रन बनाए थे। अब महिला टीम ने रिकॉर्ड 490 रन बनाकर पुरुषों का यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

बेट्स 151 और ग्रीन 121 ने मचाया कहरा
इसके बाद कप्तान बेट्स ने मैडी ग्रीन के साथ मिलकर मैदान के चारों ओर शॉट लगाने जारी रखे। दोनों की तूफानी बल्लेबाजी का आलम कुछ ऐसा था कि न्यूजीलैंड टीम 30 ओवरों में 288 रन तक पहुंच चुकी थी। कप्तान बेटस ने महज 94 गेंदों का सामना करते हुए 24 चौकों और दो छक्कों की मदद से 151 रन बनाए। वहीं, ग्रीन ने एमी सडरवेट (21) के साथ मिलकर स्कोर को आगे बढ़ाया। सडरवेट आऊट हुई तो ग्रीन ने एमिला केर के साथ आयरलैंड की गेंदबाजों को पीटना शुरू कर दिया। ग्रीन ने 77 गेंदों में 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 121 रन बनाए। 

एमिला ने 45 गेंदों में बनाए 81 रन
दूसरे छोर पर केर ने बाद में बी. बैजुडैनहौट के साथ मिलकर टीम को 490 तक पहुंचा दिया। एमिला और बैजुडैनहौट ने आखिरी ओवरों में भी जमकर धमाल मचाया। एमिला ने 45 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से 81 रन बनाए तो वहीं बैजुडैनहौट ने 15 गेंद में चार चौकों की मदद से 23 रन बनाए।

चार गेंदबाजों को पड़े 90 से ज्यादा रन
आयरलैंड की महिला गेंदबाजों के लिए यह दिन इतना बुरा था कि चार गेंदबाजों ने अपने कोटे के 10 ओवरों में 90 से ज्यादा रन लुटा दिए। सबसे बुरा हाल रहा कारा मुर्रै का। जिन्होंने 10 ओवरों में 119 रन लुटा दिए। उनकी गेंदों पर न्यूजीलैंड की महिला बल्लेबाजों ने 13 चौके और पांच छक्के लगाए। इसके अलावा लिटिल ने 92, मार्टिज ने 92 तो लेविस ने भी 92 रन लुटाए। आयरलैंड की एमी केनेली ने भी 9 ओवरों में 81 रन दिए थे।