कार्डिफ: न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज सुजी बेट्स ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले के बाद ODI क्रिकेट को अलविदा कह दिया। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को DLS नियम के तहत 17 रन से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर की। हालांकि अपने विदाई मुकाबले में सुजी बेट्स बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे सकीं और 15 गेंदों में 12 रन बनाकर लॉरेन बेल का शिकार बनीं। मैदान से बाहर जाते समय दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
6000 रन पूरे करने से चूकीं सुजी बेट्स
सुजी बेट्स अपने वनडे करियर में 6000 रन पूरे करने से सिर्फ 18 रन दूर रह गईं। उन्होंने 174 पारियों में 5982 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 37.86 का रहा। बेट्स ने अपने करियर में 13 शतक और 37 अर्धशतक लगाए। 38 वर्षीय बल्लेबाज महिला वनडे इतिहास की चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनकर रिटायर हुईं।
20 साल तक खेलीं ODI क्रिकेट
सुजी बेट्स ने 4 मार्च 2006 को भारत के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। उनका ODI करियर 20 साल और 73 दिन तक चला। उन्होंने कुल 184 वनडे मैच खेले। महिला वनडे क्रिकेट में सबसे लंबे करियर का रिकॉर्ड भारत की पूर्व कप्तान Mithali Raj के नाम है, जिन्होंने 22 साल और 274 दिन तक ODI क्रिकेट खेला।
मैच में क्या हुआ?
न्यूजीलैंड कप्तान मेली केर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। 33-33 ओवर के मुकाबले में इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 181 रन बनाए। एलिस कैप्सी ने सबसे ज्यादा 45 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए ब्री इलिंग और रोजमेरी मेयर ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम को लॉरेन बेल ने शुरुआती झटके दिए। उन्होंने सुजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर और मेली केर को आउट किया। इसके बाद मैडी ग्रीन और ब्रुक हॉलिडे ने पारी संभाली।
बारिश रुकावट बनने से पहले न्यूजीलैंड का स्कोर 141/4 था और टीम DLS स्कोर से 17 रन आगे थी। इसके बाद मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और न्यूजीलैंड को विजेता घोषित किया गया।
कप्तान मेली केर ने दिया भावुक बयान
मैच के बाद न्यूजीलैंड कप्तान मेली केर ने कहा कि क्रिकेट के भगवान ने उनकी टीम का साथ दिया। उन्होंने कहा कि सुजी बेट्स का टीम पर असर बेहद खास रहा है और हर युवा खिलाड़ी उन्हें देखकर बड़ी हुई है।
T20 वर्ल्ड कप के बाद लेंगी पूरी विदाई
सुजी बेट्स अब ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट को भी अलविदा कह देंगी। यह टूर्नामेंट 12 जून से इंग्लैंड में शुरू होगा।