Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद लोगों ने कैप्टन कूल के नाम से मशहूर भारतीय विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी की आलोचना की थी। हालांकि इसके बाद धोनी की एक फोटो भी वायरल हुई थी जिसमें वह अंगूठे से खून चूस कर थूक रहे थे। अब उनकी अंगूठे की चोट पर अपडेट आया है और जानकारी के मुताबिक वह ठीक हैं। 

टीम इंडिया के एक अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी से इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि 'धोनी है तो पहाड़ी, वो एक योद्धा हैं। 300 से भी ज्यादा वनडे खेलने के बाद क्या आप मानते हैं कि ये छोटी चीजें उन्हें परेशान करेंगी। उनके पास इससे बाहर आने की अद्भुत क्षमता है। सबसे अहम बात यह है कि उनका अंगूठा ठीक है और इसमें घबराने की कोई बात नहीं है।'

टीम प्रबंधन के सूत्रों ने कहा कि विकेटकीपिंग करते समय अंगूठे पर चोट लगना धोनी के लिए कोई नई बात नहीं है और ऐसी चीजें उन पर ज्यादा असर नहीं डालती है। वास्तव में, धोनी ने चोटों के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया है और बाकी खिलाड़ियों को इससे सीख लेनी चाहिए।