Sports

नई दिल्लीः इस साल हॉकी विश्वकप की मेजबानी करने जा रहे ओड़िशा राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि हॉकी को देश का राष्ट्रीय खेल घोषित किया जाए।  पटनायक ने श्री मोदी को लिखे एक पत्र में कहा, ''इस साल नवंबर में ओड़िशा हॉकी विश्वकप की मेजबानी कर रहा है। 

इस टूर्नामेंट की तैयारियों की समीक्षा करते समय मुझे यह जानकर बड़ी हैरानी हुई कि जिस हॉकी को हम राष्ट्रीय खेल के रूप में जानते हैं वह आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय खेल के रूप में अधिसूचित नहीं है।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''मुझे विश्वास है कि हमारे देश के करोड़ों हॉकी प्रेमियों की तरह आप भी इस बात से सहमत होंगे कि हॉकी को हमारे राष्ट्रीय खेल का दर्जा दिया जाए। हॉकी ऐसा खेल है जो हमारी समृद्ध खेल विरासत का अभिन्न हिस्सा है और इस खेल में हमने आठ ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते हैं।

पटनायक ने पत्र में साथ ही कहा, ''हॉकी में आने वाली पीढिय़ों के एथलीटों को प्रेरित करने की जबरदस्त क्षमता है। यह खेल देश के गैर आधिकारिक राष्ट्रीय खेल के रूप में सबसे अधिक लोकप्रिय है और मुझे लगता है कि हॉकी को भारत का राष्ट्रीय खेल घोषित कर दिया जाना चाहिये।'' ओड़िशा के मुख्यमंत्री के इस पत्र को ट्वीटर पर जमकर सराहा गया है और इसे अब तक 2.65 करोड़ हिट मिले हैं जो जारी है।