Sports

नई दिल्लीः  विंडीज के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी तिरुवनंतपुरम पहुंचे। यहां स्टेडियम के बाहर फैन्स उनका बेसब्री से इंताजर कर रहे थे। इसी दाैरान एक दिव्यांग फैन धोनी से मिलने के लिए पहुंचा। धोनी जब स्टेडियम के अंदर जाने लगे तो उन्होंने पहले अपने एक दिव्यांग फैन से मुलाकात की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। 

आप देख सकते हैं कि हजारों फैन्स के बीच खड़े धोनी दिव्यांग फैन से कुछ देर तक बात कर रहे हैं। धोनी ने उनका हाल पूछा आैर फिर फैन ने धोनी का हाथ चूमा। इसके बाद धोनी ने फैन के साथ फोटो खिंचवाई। इस पल का वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है आैर फैन्स धोनी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। 

धोनी का हुआ भव्य स्वागत
तिरुवनंतपुरम के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया और एक बहुत ही स्पेशल तोहफा भी तैयार किया है। 'ऑल केरल धोनी फैन्स एसोसिएशन' ने अपना प्यार जताने के लिए महेंद्र सिंह धोनी का बाकायदा 35 फीट का एक कटआउट तैयार किया है। यह पूर्व कप्तान के प्रति उनके चाहने वालों का प्यार है। तिरुवनंतपुरम में ग्रीनफील्ड स्टेडियम के बाहर यह कटआउट लगाया गया है, जिसमें धोनी भारतीय टीम की जर्सी में बल्लेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।

एमएस धोनी के लिए ये सीरीज कुछ खास नहीं रही है। बल्लेबाजी में वो कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन फैन्स को पता है कि जब वो फॉर्म में वापस लौटेंगे तो बल्ला चलेगा ही नहीं, बल्कि गरजेगा। फैन्स को इसी का इंतजार है। उनको उम्मीद है केरल में इंतजार खत्म होगा। धोनी वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी वनडे खेलने के बाद वापस घर लौट जाएंगे, क्योंकि उनको टी20 सीरीज में आराम दिया गया है।