Sports

स्पोर्ट्स डेस्क- मणिपुर के मुख्यमंत्री नोंगथोमबाम बिरेन सिंह ने तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने और देश का नाम रोशन करने पर सेखोम मीराबाई चानू को एक करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। मीराबाई चानू ने शनिवार को महिलाओं की 49 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत के लिए टोक्यो ओलंपिक का पहला रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। टोक्यो ओलंपिक में चानू भारत की ओर से पहला पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गई है। 

मणिपुर के मुख्यमंत्री नोंगथोमबाम बिरेन सिंह ने तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने के लिए मीराबाई चानू को बधाई दी है। सीएम बिरने सिंह ने कहा,  ‘‘हम भारतीयों को आप पर गर्व है। मणिपुर राज्य के लोग 2020 तोक्यो ओलंपिक में हमारे खिलाड़ियों के पदक जीतने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।'' मीराबाई ने पदक जीतने के बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री से वीडियो कॉल पर बात करते हुए कहा, ‘‘यह भविष्य में और अधिक पदक जीतने की शुरुआत है। आगामी वर्षों में मैं स्वर्ण पदक जीतने का प्रयास करूंगी।''

PunjabKesari
मुख्यमंत्री ने मीराबाई के साथ बातचीत में कहा, 'मैंने बैठक में जानकारी दी कि मीराबाई चानू ने रजत पदक जीतकर ओलंपिक में इतिहास रच दिया है। यह खबर सुनने के बाद अमित शाह जी बहुत खुश हुए और बोले कि यह देश के लिए गौरवशाली क्षण है।' वहीं, मीडिया से बात करते हुए मीराबाई के पिता सेखोम कृति मेइतेई ने अपनी सबसे छोटी बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपनी बेटी पर गर्व है। मैं भविष्य में भी उसे जितना हो सके समर्थन दूंगा।''