Sports

नई दिल्लीः भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा गए। वो अक्सर काफी अहम मुद्दों पर ट्वीट करते रहते हैं। इस बार उन्होंने एक रिक्शा चलाती हुई लड़की की तस्वीर पोस्ट की है, जिसके बाद फैंस ने उनकी जमकर तारीफ की। कैफ ने इस तस्वीर को शेयर कर के इस लड़की की हिम्मत की दाद दी है। 

कैफ अपने ट्विटर अकाउंट पर इस तस्वीर को पोस्ट कर लिखा, ''संकटो से घिरी हुई, पर हार नहीं मानी है, बाधाओं से लड़ रही, जीत फतह की ठानी है।'' कैफ ने जिस तरह से इस लड़की की हिम्मत और हौंसले की दाद दी है, उसकी लोग काफी तारीफ कर रहे हैं। कैफ ने अपने ट्वीट में यह भी लिखा है कि वह इस लड़की के जज्बे को झुककर सलाम करते हैं। कैफ के इस ट्वीट पर लोगों ने खूब प्रतिक्रिया दी और कुछ लोगों ने लगे हाथ आरक्षण का मुद्दा भी उठा दिया। एक यूजर ने लिखा कि आरक्षण की सही में जरुरत इस बच्ची को है। मौजूदा आरक्षण व्यवस्था पर तंज कसते हुए इस यूजर ने यह भी लिखा कि ढोंगी गरीब, असली गरीब के दुश्मन हैं।
 


आपको बता दें कि मोहम्मद कैफ इससे पहले भी कई ऐसे ट्वीट कर चुके हैं। साल 2016 में जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। तब कैफ ने ट्वीट कर कहा कि सभी जवानों की छुट्टियां रद्द हो गई हैं। अगर किसी बस या ट्रेन में आप जवानों को देखें तो अपनी सीट उन्हें ऑफर करें। कैफ के इस ट्वीट को लेकर भी लोगों ने उनकी बहुत सराहना की थी।