कुआलालंपुर: मलेशिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की स्टार शटलर Malvika Bansod का सफर दूसरे दौर में खत्म हो गया। कुआलालंपुर में खेले गए मुकाबले में उन्हें डेनमार्क की आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी लाइन कजर्सफेल्ट के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि भारतीय खिलाड़ी Ashmita Chaliha ने शानदार जीत दर्ज कर भारत की उम्मीदों को कायम रखा।
पहला गेम जीतने के बाद मैच गंवा बैठीं मालविका
विश्व रैंकिंग में 51वें स्थान पर मौजूद मालविका बंसोड़ ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। उन्होंने पहले गेम में आक्रामक खेल दिखाते हुए 21-16 से जीत हासिल की और मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। पहले गेम के दौरान मालविका ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और इंटरवल तक 11-6 से आगे थीं। इसके बाद उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखते हुए गेम अपने नाम किया।
दूसरे गेम में बदला मैच का रुख
पहला गेम हारने के बाद डेनमार्क की लाइन कजर्सफेल्ट ने जोरदार वापसी की। दूसरे गेम में उन्होंने शुरुआती आठ अंक लगातार जीतकर मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। मालविका इस दबाव से उबर नहीं सकीं और दूसरा गेम 21-8 से गंवा बैठीं।निर्णायक गेम में एक समय मालविका 11-8 से आगे थीं, लेकिन इसके बाद कजर्सफेल्ट ने लगातार अंक जुटाते हुए मुकाबला 21-15 से अपने नाम कर लिया।
अश्मिता चालिहा ने बढ़ाया भारत का मान
दूसरी ओर अश्मिता चालिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की स्टार खिलाड़ी गोह जिन वेई को सीधे गेमों में हराया। अश्मिता ने मुकाबला 21-13, 21-16 से जीतकर महिला एकल वर्ग में भारत की चुनौती जिंदा रखी। गोह जिन वेई दो बार की जूनियर विश्व चैंपियन और 2018 यूथ ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं, ऐसे में अश्मिता की यह जीत बेहद खास मानी जा रही है।
देविका सिहाग और पुरुष युगल जोड़ी भी बाहर
भारत की देविका सिहाग को महिला एकल के दूसरे दौर में चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त चेन युफेई के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। चेन ने यह मुकाबला 21-16, 21-13 से जीता। वहीं पुरुष युगल में भारत की आखिरी उम्मीद एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसकारुनन की जोड़ी भी हारकर बाहर हो गई। चीनी जोड़ी हू केयुआन और लिन शियांगयी ने भारतीय खिलाड़ियों को 21-14, 21-15 से हराया।