रोम: Luciano Darderi ने इटेलियन ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। रोम में खेले गए देर रात के रोमांचक क्वार्टरफाइनल मुकाबले में डार्डेरी ने युवा स्पेनिश खिलाड़ी Rafael Jodar को 7-6(5), 5-7, 6-0 से हराया।
करीब तीन घंटे आठ मिनट तक चले इस मुकाबले में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। मैच रात 2:02 बजे खत्म हुआ। इस जीत के साथ 24 वर्षीय डार्डेरी ओपन एरा में रोम के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले आठवें इतालवी खिलाड़ी बन गए।
सेमीफाइनल में कैस्पर रूड से भिड़ेंगे
अब डार्डेरी का सामना सेमीफाइनल में Casper Ruud से होगा। मैच जीतने के बाद डार्डेरी ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह मेरे करियर की सबसे बेहतरीन जीत है। रोम की भीड़ और यहां का माहौल शानदार था। पहली बार यहां सेमीफाइनल में पहुंचना किसी सपने जैसा है।' उन्होंने युवा खिलाड़ी जोडार की भी तारीफ करते हुए कहा, 'राफा कमाल के खिलाड़ी हैं। वह सिर्फ 19 साल के हैं और उन्होंने शानदार टेनिस खेला। दूसरे सेट में उन्होंने जबरदस्त वापसी की, लेकिन मैं लगातार लड़ता रहा।'
पहले सेट में डार्डेरी का दबदबा
मुकाबले की शुरुआत से ही डार्डेरी आक्रामक नजर आए और उन्होंने जल्दी 3-1 की बढ़त बना ली। हालांकि जोडार ने शानदार वापसी करते हुए बेसलाइन से दमदार शॉट लगाए और मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। पहले सेट के दौरान कोपा इटालिया फुटबॉल फाइनल के कारण स्टेडियम के पास धुआं फैल गया, जिसकी वजह से मैच कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने के बाद डार्डेरी ने शानदार खेल दिखाया और टाईब्रेक में पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में जोडार की जोरदार वापसी
दूसरे सेट में डार्डेरी ने 3-0 की बढ़त बना ली थी और उनके पास मैच खत्म करने के दो मौके भी थे। लेकिन 19 वर्षीय जोडार ने हार नहीं मानी। उन्होंने 4-5 पर दो मैच पॉइंट बचाए और लगातार दो गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया।
निर्णायक सेट में डार्डेरी ने किया क्लीन स्वीप
तीसरे सेट में डार्डेरी पूरी तरह हावी नजर आए। लंबे रैलियों के बीच उन्होंने शानदार फिटनेस और मानसिक मजबूती दिखाई। उन्होंने निर्णायक सेट में कुल 9 ब्रेक पॉइंट हासिल किए और उनमें से तीन को भुनाते हुए 6-0 से सेट जीत लिया। यह जीत उनके करियर की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है।
ज्वेरेव को हराकर पहले ही बटोरी थी सुर्खियां
डार्डेरी इससे पहले चौथे दौर में दो बार के रोम चैंपियन Alexander Zverev को हराकर पहले ही चर्चा में आ चुके थे। उस मुकाबले में उन्होंने चार मैच पॉइंट बचाकर जीत दर्ज की थी।