स्पोर्ट्स डेस्क: मेक्सिको के अनुभवी गोलकीपर गिलेरमो ओचोआ ने 22 साल के शानदार पेशेवर करियर को अलविदा कह दिया है। छह फीफा वर्ल्ड कप में मेक्सिको का प्रतिनिधित्व करने वाले ओचोआ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक वीडियो साझा कर अपने संन्यास की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार, साथियों और करोड़ों प्रशंसकों का दिल से आभार जताया।
'मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक सपना मुझे यहां तक ले आएगा'
रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए ओचोआ ने कहा, 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक सपना मुझे इतनी दूर तक ले जाएगा। आज मैं गर्व के साथ पीछे मुड़कर देख सकता हूं और सिर्फ इतना कहना चाहता हूं- धन्यवाद। अपने परिवार, अपने साथियों और हर उस प्रशंसक का शुक्रिया, जो इस सफर के हर पड़ाव पर मेरे साथ रहा। मैं करोड़ों लोगों का प्यार और इस संतोष के साथ जा रहा हूं कि मैंने मेक्सिको के लिए अपना सब कुछ दिया। जो पल हमने साथ बिताए, उन्हें कोई हमसे छीन नहीं सकता। दिल से आप सभी का धन्यवाद।'
6 फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल
गिलेरमो ओचोआ का नाम उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल है, जिन्होंने छह फीफा वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि की बराबरी केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी जैसे महान खिलाड़ी ही कर सके हैं। उन्होंने 2014 (ब्राजील), 2018 (रूस) और 2022 (कतर) वर्ल्ड कप में मेक्सिको के पहले पसंदीदा गोलकीपर के रूप में खेला।
2004 में शुरू हुआ था शानदार करियर
ओचोआ ने फरवरी 2004 में क्लब अमेरिका के लिए अपना सीनियर डेब्यू किया। सात सीजन तक क्लब अमेरिका के लिए खेलने के बाद 2011 में वह फ्रांस के क्लब अजाचियो से जुड़े और यूरोपियन क्लब के लिए खेलने वाले पहले मैक्सिकन गोलकीपर बने। बाद में उन्होंने स्पेन और बेल्जियम में भी क्लब फुटबॉल खेला, जबकि 2019 में दोबारा क्लब अमेरिका लौटे। उनकी वापसी पर हजारों प्रशंसकों ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया था।
2026 वर्ल्ड कप में मिला भावुक विदाई पल
हालांकि 2026 फीफा वर्ल्ड कप में उनकी भूमिका सीमित रही, लेकिन मेक्सिको के आखिरी ग्रुप मैच में जब उन्हें मैदान पर उतारा गया तो एस्टाडियो एज़्टेका में मौजूद हजारों दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। यही पल उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे भावुक विदाई क्षण बन गया।