Sports

पेरिस: फ्रेंच ओपन 2026 में रविवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। महिलाओं के एकल वर्ग में यूक्रेन की 15वीं वरीयता प्राप्त मार्ता कोस्त्युक ने चार बार की चैंपियन और तीसरी वरीयता प्राप्त पोलैंड की इगा स्वियातेक को 7-5, 6-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

एक घंटे 39 मिनट तक चले मुकाबले में कोस्त्युक ने शानदार खेल दिखाया। पहले सेट में कड़ी चुनौती मिलने के बाद स्वियातेक दूसरे सेट में लय हासिल नहीं कर सकीं और सीधे सेटों में हारकर बाहर हो गईं।

हार के बाद स्वियातेक ने क्या कहा?

हार के बाद स्वियातेक ने स्वीकार किया कि वह मैच के दौरान अपना नियंत्रण खो बैठीं। उन्होंने कहा, 'मैंने मैच पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वापसी का कोई रास्ता नहीं मिला। आज मैं इसलिए हारी क्योंकि मार्ता ने अपने मौकों का पूरा फायदा उठाया, जबकि मैं काफी दबाव में थी। अब मुझे भरोसा रखना होगा कि मैं इस मुश्किल दौर से उबर सकती हूं।'

क्वार्टरफाइनल में यूक्रेनी खिलाड़ियों की भिड़ंत

अब कोस्त्युक का सामना क्वार्टरफाइनल में अपनी हमवतन एलिना स्वितोलिना से होगा। स्वितोलिना ने स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनसिक को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। इस मुकाबले की विजेता ओपन एरा में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली यूक्रेनी महिला खिलाड़ी बनेगी।

17 साल बाद क्वार्टरफाइनल में पहुंचीं सिस्टिर्या

महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में रोमानिया की सोराना सिस्टिर्या ने चीन की वांग शियू को 6-3, 7-6 (4) से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। सिस्टिर्या ने 2009 के बाद पहली बार रोलां गैरोस के अंतिम आठ में जगह बनाई है। यह उनके करियर का तीसरा ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल भी है। सिस्टिर्या ने कहा, 'मैं इस सीजन को अपने करियर का आखिरी साल मानकर खेल रही हूं। मैं शानदार विदाई चाहती थी, लेकिन इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं थी।'

एंड्रीवा से होगी सिस्टिर्या की टक्कर

अब सिस्टिर्या का सामना रूस की युवा स्टार मीरा एंड्रीवा से होगा। एंड्रीवा ने स्विट्जरलैंड की जिल टाइचमैन को 6-3, 6-2 से हराकर लगातार तीसरी बार फ्रेंच ओपन क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

वांग शियू का यादगार अभियान

हालांकि वांग शियू हार गईं, लेकिन यह टूर्नामेंट उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। वह पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम-16 में पहुंचीं। कंधे और कोहनी की गंभीर चोटों से जूझने के बाद मार्च में वापसी करने वाली वांग ने क्वालिफाइंग राउंड से मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई और लगातार छह मैच जीतकर सबको प्रभावित किया।

वांग ने कहा, 'मैंने आज अपना सब कुछ झोंक दिया। नतीजा निराशाजनक है, लेकिन सिस्टिर्या बेहद मजबूत खिलाड़ी हैं और क्ले कोर्ट पर शानदार खेलती हैं।'

पुरुष वर्ग में ज़्वेरेव और फोन्सेका का जलवा

पुरुष एकल वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने नीदरलैंड्स के जेस्पर डी जोंग को सीधे सेटों में हराकर आसानी से क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, ब्राज़ील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोन्सेका ने दिन का एक और बड़ा उलटफेर करते हुए 15वीं वरीयता प्राप्त कैस्पर रूड को 7-5, 7-6 (6), 5-7, 6-2 से हराया। करीब चार घंटे तक चले इस रोमांचक मुकाबले के बाद फोन्सेका ने अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।