स्पोर्ट्स डेस्क: अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। कप्तान शुभमन गिल और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 85 ओवर में 368/3 का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।
केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों में 100 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके लगाए और दूसरे विकेट के लिए साई सुदर्शन के साथ 139 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
टी20 से टेस्ट में बदलाव पर राहुल का बड़ा बयान
दिन का खेल खत्म होने के बाद राहुल ने टी20 क्रिकेट से सीधे टेस्ट क्रिकेट में आने की चुनौती पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि आईपीएल के बाद टेस्ट क्रिकेट में उतरते समय उन्होंने अपनी बल्लेबाजी शैली को पूरी तरह बदलने की कोशिश नहीं की।
राहुल ने कहा, 'हां, मेरे मन में यह बात थी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह कोई बुरी चीज है। पिछले कुछ महीनों से हम टी20 क्रिकेट खेल रहे थे और फिर सीधे टेस्ट क्रिकेट में आ गए। ऐसे में कई बार खिलाड़ी जरूरत से ज्यादा सोचने लगता है और खुद को पूरी तरह बदलने की कोशिश करता है।'
शॉट्स पर रोक नहीं लगाना चाहता था: राहुल
भारतीय सलामी बल्लेबाज ने बताया कि उन्होंने खुद को स्वाभाविक अंदाज में खेलने की आजादी दी और विकेट तथा गेंदबाजों के हिसाब से सही शॉट चुनने पर ध्यान दिया। राहुल ने कहा, 'मैंने जानबूझकर अपने शॉट्स पर रोक लगाने की कोशिश नहीं की। मेरा फोकस सिर्फ इतना था कि विकेट और गेंदबाजों को समझते हुए सही समय पर सही शॉट खेलूं। मैं बिना किसी दबाव के अपनी स्वाभाविक बल्लेबाजी करना चाहता था।'
गिल और पंत ने आगे बढ़ाया भारत का दबदबा
राहुल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 103 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
वहीं ऋषभ पंत ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों में नाबाद 50 रन पूरे किए। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए अहम साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दूसरे दिन बड़े स्कोर पर नजर
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 368/3 था। गिल और पंत क्रीज पर मौजूद हैं और दूसरे दिन टीम इंडिया 500 से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करेगी। ऐसे में अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने मैच में वापसी की बड़ी चुनौती होगी।