Sports

भोपालः कर्नाटक और आंध्र ने आठवीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप बी डिवीकान में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में चैंपियन बनाने का गौरव हासिल कर लिया है जबकि बिहार की टीमें दोनों वर्गों में उपविजेता बनी। कर्नाटक ने पुरुष वर्ग के बेहद रोमांचक मुकाबले में बिहार को 5-4 से हराकर खिताब जीता जबकि कूर्ग ने आंध्र को 4-3 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। 

कर्नाटक की टीम इस जीत के साथ ए डिवीकान में भी प्रमोट हो गयी है। कर्नाटक ने पांचवें मिनट में ही पवन मदिवालार के गोल से बढ़त बना ली। लेकिन बिहार ने आठवें मिनट में सचिन डुंगडुंग के गोल से बराबरी हासिल कर ली। बिहार ने 10 वें मिनट में जॉनसन पर्टी के गोल से बढ़त बना ली लेकिन 13 वें मिनट में सीएस शमन्त ने कर्नाटक को बराबरी दिला दी। पवन मदिवालार (27) ने कर्नाटक के लिए अपना दूसरा गोल दागा जबकि बिहार के लिए कप्तान आनंद कुमार बारा (35) ने गोल किया। 

बिहार ने 46 वें मिनट में संचित होरो के गोल से 4-3 की बढ़त बना ली लेकिन कर्नाटक ने अंतिम 11 मिनट में बीएन चेल्सी मदप्पा (59) और पवन मदिवालार (65) के गोलों से खिताब अपने नाम कर लिया। महिला फाइनल में आंध्र ने बिहार को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 से बराबर थीं। राजस्थान ने केरल को 4-3 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।