Sports

टोक्यो : जापानी प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने कहा कि अगले महीने टोक्यो  ओलिम्पिक की मेजबानी के उनके दृढ़ संकल्प को लिए जी-7 समूह के नेताओं ने फिर से समर्थन दिया है। सुगा ने जी -7 शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटेन में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अन्य नेताओं को जापान के वायरस नियंत्रण उपायों को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के बारे में बताया जिससे इन खेलों का आयोजन सुरक्षित तरीके से होगा।

सुगा ने ब्रिटेन से टोक्यो की उड़ान भरने से पहले कहा कि मैं सभी नेताओं से मिले दृढ़ समर्थन से आश्वस्त महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं टोक्यो खेलों को किसी भी कीमत पर सफल बनाने के लिए अपने दृढ़ संकल्प को फिर से दोहरता हूं। ओलिम्पिक के शुरू होने में लगभग 40 दिनों बचे है लेकिन टोक्यो और जापान के कुछ अन्य बड़े शहरों में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने और चिकित्सा प्रणाली पर दबाव कम करने के मकसद से आपातकाल लगाया गया है।

जापान में टीकाकरण की रफ्तार काफी धीमी है और वहां अब तक लगभग 5 प्रतिशत आबादी को ही टीका लगा है। सुगा को टोक्यो के साथ दूसरे प्रांतों में 20 जून तक लागू आपातकाल के लागू रहने या हटाए जाने पर भी फैसला करना है।

जापान में कोविड-19 के 7,74,000 मामले दर्ज हुए है जिसमें से लगभग 14,000 लोगों की मौत हुई है। पिछले साल महामारी के कारण स्थगित हुए तोक्यो खेलों का आगाज 23 जुलाई से होना है, जिसके लिए बड़ी संख्या में विदेशी खिलाड़ी और खेल से जुड़े लोग जापान आएंगे। विदेशी प्रशंसको के जापान आने पर हालांकि रोक लगा दी गयी है।