Sports

कोलकाता : मैनुएल लैंजारोते के 2 गोल की मदद से एटीके ने रविवार को यहां हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सत्र के मैच में जमशेदपुर एफसी के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की। लैंजारोते ने दोनों गोल पहले हाफ में फ्री किक पर किए जबकि जमशेदुपर के लिए एकमात्र गोल मारियो आक्र्वेस ने 82वें मिनट में किया।

इस जीत से मिले 3 अंक के साथ ही एटीके के 20 अंक हो गए हैं, लेकिन वह छठे स्थान पर ही है जबकि जमशेदपुर की टीम पहले की तरह पांचवें स्थान पर बनी हुई है। जमशेदपुर के भी 20 अंक हैं लेकिन बेहतर गोल अंतर होने के कारण वह एटीके से ऊपर है। हालांकि इस जीत से एटीके ने अपने प्लेऑफ में जाने की संभावनाओं को मजबूती दी है।

PunjabKesari

लैंजारोते ने मैच के तीसरे मिनट में ही फ्री किक को गोल में बदल कर मेजबान टीम को 1-0 से आगे कर दिया। लैंजारोते को 33वें मिनट में एक बार फिर फ्री किक मिला और वह इस बार भी नहीं चूके। उनके इस गोल से टीम 2-0 से आगे हो गई। जमशेदपुर को मैच के 82वें मिनट में कॉर्नर मिला और बिकास जाइरू ने गेंद मारियो के पास पहुंचाई। मारियो ने उसे नेट के अंदर डाल जमशेदपुर का खाता खोला। इस गोल से मेहमान टीम की वापसी की उम्मीदें बंध गई लेकिन जमशेदपुर की टीम तमाम प्रयास के बाद बराबरी का गोल नहीं कर सकी।