Sports

फार्तोदा (गोवा) : बलवंत सिंह के 86वें मिनट में किए गए गोल की मदद से मुंबई सिटी एफसी ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के रोमांचक मुकाबले में 10 खिलाडिय़ों के साथ खेल रही मेजबान एफसी गोवा को 4-3 से हरा दिया। यह इस सीजन में गोवा पर मुंबई की लगातार दूसरी जीत है। इस सीजन की 5वीं जीत ने मुंबई के खाते में 3 अंक और डाल दिए हैं। उसके कुल 17 अंक हो गए हैं और वह केरल ब्लास्टर्स से आगे निकलते हुए 5वें स्थान पर पहुंच गया है। केरल के भी 17 अंक हैं लेकिन वह गोल अंतर में मुंबई से पीछे है। इस मैच के 48वें मिनट से ही 10 खिलाडिय़ों के साथ खेल रही गोवा की टीम 19 अंकों के साथ चौथे क्रम पर बरकरार है। पहला हाफ बड़ा नाटकीय रहा। शुरुआती 20 मिनट में गोवा ने बढ़-चढ़कर खेल दिखाया और मुंबई के गोल पर कई हमले किए लेकिन कोई हमला सार्थक साबित नहीं हुआ। इसके बाद हालांकि मुंबई की टीम ने अपने खेल का स्तर उठाया।

एवर्टन सांतोस ने दिया झटका
31वें मिनट में मुंबई की ओर से थियागो सांतोस ने बाएं किनारे से गेंद लेकर बॉक्स में जाने का प्रयास किया लेकिन शेरिटन फर्नांडेज ने उन्हें गिरा दिया। इस पर शेरिटन को पीला कार्ड मिला। इसके 3 मिनट में फारोन कोरोमिनास ने गोल करते हुए गोवा को आगे कर दिया। यह इस सीजन में कोरो का 11वां गोल था। इस गोल के हुए अभी दो मिनट भी नहीं बीते थे कि जश्न मना रहे गोवा के प्रशंसकों को एवर्टन सांतोस ने करारा झटका दिया और मुंबई की ओर से बराबरी का गोल दाग दिया। एवर्टन ने यह गोल एचिल इमाना के सहयोग से किया।

शेरिटन को मिला पीला कार्ड
निर्धारित समय के बाद एक मिनट जोड़ा गया और इसी में गोल करते हुए मैनुएल लेंजारोते ने एक बार फिर गोवा को आगे कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही गोवा के खिलाड़ी शेरिटन को दूसरा पीला कार्ड दिखाया गया और वह मैदान से बाहर जाने को मजबूर हुए। अब गोवा की टीम 10 खिलाडिय़ों के साथ खेल रही थी। मुंबई ने हमला तेज कर दिया और इसी क्रम में 54वें मिनट में एवर्टन सांतोस गेंद लेकर बाएं किनारे से बॉक्स में घुसे लेकिन मोहम्मद अली ने उन्हे गलत टैकल करते हुए गिरा दिया। रेफरी ने इस पर गोवा के खिलाफ पेनल्टी दिया, जिसे गोल में बदलकर इमाना ने मेहमान टीम को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। 

कोरो ने सीजन का 12वां गोल किया
बराबरी का गोल होने के बाद मुंबई की टीम जोश में थी। थियागो सांतोस ने 68वें मिनट में खाली गए अपने हमले की भरपाई करते हुए 71वें मिनट मे तीसरा गोल करते हुए अपनी टीम को 3-2 से आगे कर दिया। बदले में 71वें मिनट में गोल करते हुए कोरो ने गोवा को बराबरी पर ला दिया। कोरो ने इस सीजन का अपना 12वां गोल अहमद जाहो की मदद से किया। ऐसा लग रहा था कि यह मैच बराबरी पर खत्म होगा और गोवा की मनोवैज्ञानिक जीत होगी लेकिन तभी बवलंत ने अंतर पैदा करने वाला गोल करते हुए मेहमान टीम की जीत तय कर दी।