धर्मशाला : IPL 2026 का क्वालिफायर-1 एकतरफा मुकाबला रहा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 92 रन से रौंदकर IPL 2026 के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। लेकिन मुकाबले के भीतर चल रही लड़ाइयों, खासकर ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ में काफी रोमांच देखने को मिला।
पर्पल कैप
भुवनेश्वर कुमार और कगिसो रबाडा इस मैच की शुरुआत लीग में सर्वाधिक 24-24 विकेट के साथ कर रहे थे। मुकाबला खत्म होने तक दोनों के ख़ाते में 26-26 विकेट हो गए। रबाडा ने पहले वार किया। उन्होंने दूसरे ओवर में वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया और बाद में 17वें ओवर में क्रुणाल पंड्या को भी आउट किया। हालांकि यह रात उनके लिए ज्यादा सुखद नहीं रही क्योंकि वह जीटी के सबसे महंगे गेंदबाज़ों में से एक रहे। उन्होंने 4 ओवर में 54 रन दिए और उनकी इकॉनमी 13.50 रही। भुवनेश्वर का दिन इससे कहीं बेहतर रहा। शुभमन गिल चौथे ओवर में उनका शिकार बने और फिर 19वें ओवर में उन्होंने राहुल तेवतिया को आउट कर 2/28 के आंकड़े के साथ मैच को खत्म किया। दोनों गेंदबाजों की इकॉनमी में अंतर कोई चौंकाने वाली बात नहीं थी।
इस सीजन में भुवनेश्वर ने 8.00 की इकॉनमी से रन दिए हैं, जबकि रबाडा की इकॉनमी 9.48 रही है। यही वजह है कि पर्पल कैप अभी भी भुवनेश्वर के सिर पर है। बाकी गेंदबाजों में जेसन होल्डर ने एक ही ओवर में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को आउट कर दो विकेट लिए। इसके साथ ही वह सिर्फ 9 मैचों में इस सीजन में 15 विकेट तक पहुंच गए और फिलहाल 12वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं आरसीबी के तेज गेंदबाज रसिख सलाम का भी दिन अच्छा रहा। उन्होंने 24 रन देकर 2 विकेट लिए और अब उनके खाते में 16 विकेट हो गए हैं, जिससे वह 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑरेंज कैप
जीटी के सलामी बल्लेबाज़ों साई सुदर्शन और शुभमन गिल के लिए यह दिन यादगार नहीं रहा। दोनों ने क्रमश: 14 और 2 रन बनाए, लेकिन पूरे सीजन में उनके शानदार प्रदर्शन के कारण वे अभी भी तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं। साई सुदर्शन 652 रन के साथ नंबर एक जबकि गिल 618 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
कोहली ने RCB को 254/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में 25 गेंदों पर 43 रन की अहम पारी खेली। इसके साथ उनके इस सीजन कुल रन 600 हो गए और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के केएल राहुल को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया। उनके और शीर्ष दो बल्लेबाजों के बीच हेनरिक क्लासेन (सनराइज़र्स हैदराबाद) हैं। जॉस बटलर ने 11 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली और वह सीजन में 498 रनों तक पहुंच गए। वहीं मैच के स्टार रजत पाटीदार ने 33 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाए और वह अब 486 रनों के साथ 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं।