Sports

मुंबई : आईपीएल खिलाड़ियों और स्टाफ को लाने ले जाने वाली बसों के लिये मुंबई पुलिस ग्रीन कोरिडोर देगी ताकि खिलाड़ी ट्रैफिक जाम में फंसने से बच जाए। एक सीनियर अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मुंबई में मैचों के लिए 1100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात होंगे जिनमें ट्रैफिक पुलिस भी शामिल है। इस साल आईपीएल के सारे लीग मैच मुंबई और पुणे में हो रहे हैं। दस प्रतिभागी टीमें शहर के अलग अलग हिस्से में होटलों में ठहरी हैं।

PunjabKesari

पुलिस अधिकारी ने कहा कि टीम होटलों और स्टेडियम के बीच काफी दूरी है लिहाजा मुंबई पुलिस खिलाड़ियों की सुरक्षा और मैच की टाइमिंग को देखते हुए काफी एहतियात बरत रही है। ग्रीन कोरिडोर में हर टीम को पुलिस एस्कॉर्ट दिया जाएगा क्योंकि कुछ मैच ऐसे समय पर है जब ट्राफिक चरम पर रहता है। मुंबई में कई स्थानों पर निर्माण कार्य भी चल रहा है। दक्षिण मुंबई और नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में 35 किलोमीटर की दूरी है। इसे देखते हुए मुंबई पुलिस और नवी 

मुंबई पुलिस मिलकर काम करेंगी ताकि खिलाड़ियों को असुविधा नहीं हो। वानखेड़े और ब्रेबोर्न स्टेडियम पर होने वाले मैचों के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने के लिए खास उपाय किए गए हैं क्योंकि मरीन ड्राइव और चर्चगेट स्टेशन पास ही है। चेन्नई सुपर किंग्स टीम ट्रायडेंट होटल में और दिल्ली कैपिटल्स ताज पैलेस में ठहरी है। दोनों होटल दक्षिण मुंबई में है।

गुजरात टाइटंस जे डब्ल्यू मेरियट में और केकेआर परेल के आईटीसी ग्रांड में रूकी है। लखनऊ टीम नवी मुंबई में ताज विवांता में और मुंबई इंडियंस बांद्रा कुर्ला परिसर के ट्रायडेंट में रूकी है। पंजाब किंग्स पोवई के होटल रेनेसां में, राजस्थान रॉयल्स सांताक्रूज के ग्रांड हयात में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर बांद्रा के ताज लैंड्स एंड में और सनराइजर्स हैदराबाद सहार के आईटीसी मराठा में ठहरी है।