स्पोर्ट्स डेस्क : दिल्ली कैपिटल्स टीम की बस पर कथित तौर पर हमला करने की जानकारी सामने आई है। मुंबई पुलिस ने इस बात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक इस घटना में किसी को भी कोई चोट नहीं पहुंची है।
मुंबई पुलिस ने कहा कि आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स की खड़ी बस पर हमला करने के आरोप में 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 143,147,149,427 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बस पर हमला महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने किया था जिनकी मांग थी कि आईपीएल में टीमों ने बस का कॉन्ट्रैक्ट दिल्ली की कंपनी को दिया है जबकि कॉन्ट्रैक्ट लोकल यानी महाराष्ट्र की कंपनी को देना चाहिए।
गौर हो कि आईपीएल 2022 का आगाज 26 मार्च से होगा और ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी तैयारी शुरू करने के लिए मुंबई पहुंच रहे हैं। टीम का नेतृत्व भारत के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत कर रहे हैं। टीम का शुरुआती मैच पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में होगा।