Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 13 में तीन हफ्तों का समय बचा है। इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) जबरदस्त फार्म में नजर आ रहे हैं। इसका एक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब धोनी ने नेट प्रैक्टिस के दौरान ही एक के बाद एक 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के ठोक दिए। 

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2020 की तैयारी 

आइपीएल 2020 (IPL 2020) की तैयारियों के लिए धोनी चेन्नई में हैं और इस दौरान वह एमए चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे। 38 वर्षीय इस क्रिकेटर ने इस दौरान साबित कर दिया कि चाहे वह लम्बे समय से क्रिकेट से दूर रहे हैं लेकिन अभी भी उनमें बहुत क्रिकेट बाकी है। धोनी ने लगातर 5 छक्के लगाए। इसका वीडियो स्टार स्टोर्स तमिल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी डाला है। 

महेंद्र सिंह धोनी छक्के लगाते हुए वीडियो 

वीडियो में ये साफ नहीं हो पा रहा है कि उन्होंने ये सिक्स मशीन से फेंकी गई गेंदों पर लगाए हैं या फिर कोई गेंदबाज उस समय गेंद करवा रहा था। लेकिन लगातार 5 छक्के लगाना इस बार की और इशारा करता है कि धोनी आईपीएल में धमाकेदार वापसी करने के मूड में हैं। आईपीएल का पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। 

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल करियर 

गौर हो कि धोनी वर्ल्ड कप 2019 के बाद से ही क्रिकेट से दूर थे और उन्होंने 2 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ आईपीएल के लिए ट्रेनिंग शुरू की थी। धोनी ने 190 आईपीएल मैच खेले हैं (2 एडिशन राइजिंग पूण सुपरजायंट्स के भी शामिल हैं) जिसमें उन्होंने 4432 रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी शतक तो नहीं लगा पाए लेकिन उनके नाम 23 अर्धशतक शामिल हैं। बड़ी बात तो ये है कि उन्होंने अपनी टीम चेन्नई को तीन बार खिताब भी दिलाया है।