Sports

नई दिल्ली(राहुल): आईपीएल सीजन 11 के लिए 578 खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी हैं। इंग्लैंड के आॅलराउंडर बेन स्टोक्स 12.50 करोड़ में सबसे महंगे बिके, जबकि जयदेव उनादकट गेंदबाजों में सबसे महंगे 11.50 करोड़ में बिके। किंग्स इलेवन पंजाब टीम की मालकिन प्रीटी जिंटा ने बड़े खिलाड़ियों पर खूब पैसा बहाया। यहां तक कि उन्होंने 5 खिलाड़ियों को लगातार ही खरीद लिया। प्रीती जिंटा ने युवराज सिंह 2 करोड़ देकर उनकी घर वापसी करवाई। युवी की इतनी कम रकम में लगी बोली ने सबको हैरान किया क्योेंकि साल 2015 में हुए आईपीएल के लिए उनकी 16 करोड़ रूपए की बोली लगी थी। खैर, पंजाब को धाकड़ बल्लेबाज मिल गया है, पर इसके अलावा भी प्रीती जिंटा ने एक ऐसे खिलाड़ी को सस्ते में खरीद लिया है, जिसे 'छक्कों का बादशाह' कहा जाता है। 

यह खिलाड़ी कोई आैर नहीं बल्कि विंडीज क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल हैं। नीलामी के पहले दिन जब गेल का नाम आया तो किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदना पसंद नहीं किया। इसके बाद क्रिकेट फैंस नाराज दिखने लगे, क्योंकि वे चाहते थे कि गेल की आईपीएल में वापसी हो आैर उनका पूरा मनोरंजन हो सके। नीलामी का जब दूसरा दिन(28 जनवरी) आया तो फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे कि गेल को काैन टीम खरीदेगी। जब गेल के लिए दूसरी बार बोली लगी तब भी किसी फ्रेंचाईजी ने उनके लिए दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसी के साथ महसूस होने लगा कि गेल यह सीजन नहीं खेल सकेंगे। लेकिन जब नीलामी के अंतिम पढ़ाव में तीसरी बार गेल की बोली लगी तो प्रीटी जिंटा ने उनका हाथ थामने के लिए इशारा किया आैर सबको हैरान कर दिया। गेल का बेस प्राइस 2 करोड़ था आैर पंजाब की टीम ने उन्हें शामिल कर लिया। इसके बाद सभी ने तालियां बजाना शुरू कर दीं आैर राॅयल चैलैंजर्स बैंगलोर के मालिक ने मुस्कुराकर प्रीटी जिंटा आैर उनके साथ बैठे कोच वीरेंद्र सहवाग का शुक्रिया किया। 
PunjabKesari

बैंगलोर के लिए खेल चुके हैं 7 सीजन
गेल ने अपने आईपीएल करियर की शुरूआत कोलकाता नाईट राइडर्स की तरफ से खेलकर की थी। उन्होंने 2009 में हुए टूर्नामेंट के दूसरे सीजन में 7 मैचों में मात्र 171 रन आैर 2010 के सीजन में 9 मैचों में 292 रन बनाए थे। उनके घटिया प्रदर्शन से कोलकाता असंतुष्ट नजर आई आैर उन्हें टीम से रिलीज कर दिया। गेल का हाथ 2011 में बैंगलोर ने 2.50 करोड़ की कीमत चुकाकर संभाला। बैंगलोर में आते ही गेल का असली रंग सामने आने लगा आैर उन्होंने 2017 तक 7 सीजन उनकी ही तरफ से खेले। इस बीच गेल ने 2011 आैर 2012 के सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप पर कब्जा किया। उन्होंने 2011 में 12 मैचों में 183.13 की स्ट्राईक रेट से 608 रन बनाए थे आैर 2012 में 15 मैचों में 160.74 की स्ट्राईक रेट से 733 रन बनाए। 
PunjabKesari

इसलिए कहलाते हैं 'छक्कोें के बादशाह'
गेल खुद को टी20 क्रिकेट का निर्माता भी कहते हैं आैर शायद उनका यह मानना सही भी है। गेल आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके आस-पास तक कोई भी बल्लेबाज खड़ा होता हुआ नहीं दिखाई देता। गेल अबतक आईपीएल के 101 मैचों की 100 पारियों में 265 छक्के लगा चुके हैं। अगर ओवरआॅल टी-20 क्रिकेट में लगाए गए उनके छक्कों की बात करें तो वह हैं 323 मैचों में 819 छक्के। गेल टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले दुनिया के इकलाैते बल्लेबाज हैं। इसीलिए उन्हें 'छक्कोें के बादशाह' कहा जाता है। 

चार IPL सीजन में लगाए सवार्धिक छक्के-

2011 में 12 मैच खेलकर 44 छक्के 

2012 में 15 मैच खेलकर 59 छक्के

2013 में 16 मैच खेलकर 51 छक्के

2015 में 14 मैच खेलकर 38 छक्के 

लगा चुके हैं IPL में 5 शतक
आईपीएल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में गेल आगे हैं। वह अबतक 5 शतक लगा चुके हैं। उनके अलावा विराट कोहली भी 4 शतक लगा चुके हैं। खास बात यह है कि गेल के जो 5 शतक निकले हैं वह बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए ही निकले हैं।
PunjabKesari
पहला शतक- 2011 में कोलकाता के खिलाफ 102 रनों की नाबाद पारी
दूसरा शतक- 2011 में पंजाब के खिलाफ 107 रनों की पारी
तीसरा शतक- 2012 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 128 रनों की नाबाद पारी
चाैथा शतक- 2013 में पुणए वाॅरियर्स के खिलाफ 175 रनों की नाबाद पारी
पांचवा शतक- 2015 में पंजाब के खिलाफ 117 रनों की पारी।

ये रही पंजाब की पूरी टीम- 
बल्लेबाज
केएल राहुल- 11 करोड़
करुण नायर- 5.60 करोड़
मनोज तिवारी- 1 करोड़ 
डेविड मिलर- 3 करोड़ (राइट टू मैच )
आरोन फिंच- 6.20 करोड़
मयंक अग्रवाल- 1 करोड़ 
क्रिस गेल- 2 करोड़

ऑलराउंडर
रविचंद्रन अश्विन- 7.60 करोड़
मार्कोस स्टोनिस 6.20 करोड़
युवराज सिंह 2 करोड़
अक्षर पटेल- 1.25 करोड़
अक्शदीप नाथ- 1 करोड़ 
मयंक डागर- 20 लाख 
मंजूर डार- 20 लाख

गेंदबाज
एंड्रयू टाय- 7.20 करोड़
मोहित शर्मा- 2.40 करोड़ (राइट टू मैच)
मुजीब जादरान- 4 करोड़ 
बरिंदर सरां- 2.20 करोड़
बेन द्वॉरश्विस- 1.40 करोड़
प्रदीप साहु- 20 लाख 
अंकित राजपूत- 3 करोड़