Sports

जकार्ता : भारतीय महिला फुटबाल टीम ने दोनों हाफ में एक-एक गोल करके बुधवार को यहां खेले गए दूसरे मैत्री मैच में मेजबान इंडोनेशिया को 2-0 से हराया। भारत की तरफ से पहला गोल संजू ने 20वें मिनट में किया जबकि डांगमेई ग्रेस ने दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम (92वें मिनट) में दूसरा गोल दागा। भारतीय टीम की यह इंडोनेशिया पर लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में उसे 3-0 से हराया था। भारत ने अच्छी शुरुआत की तथा हमलावर तेवर अपनाए। दो अवसरों पर विंगर संजू और स्ट्राइकर अंजू तमांग गोल करने से चूकी। 

संजू ने आखिर में रतनबाल के पास पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। भारत मध्यांतर तक 1-0 से आगे था। इंडोनेशिया को हालांकि पहले हाफ में बराबरी का मौका मिला था लेकिन दाएं छोर से मिले क्रास पर हेडर क्रास बार से टकरा गया और इस तरह से भारत पर आया संकट टल गया। भारत ने इसके बाद इंडोनेशिया को कोई मौका नहीं दिया और हमले जारी रखे। इसका फायदा उसे आखिर में दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम में मिला जबक डांगमेई ने रिबाउंड पर गोल दागा।