Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला हॉकी टीम आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना हो गई है। कप्तान Salima Tete की अगुआई में टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मुकाबले खेलेगी। यह दौरा जून में होने वाले FIH नेशंस कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले 26, 27, 29 और 30 मई को पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। दुनिया की मजबूत टीमों में शामिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए बड़ी चुनौती साबित होगी।

नेशंस कप से पहले बड़ी तैयारी

ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड के ऑकलैंड रवाना होगी, जहां 15 से 21 जून तक FIH हॉकी विमेंस नेशंस कप 2026 खेला जाएगा। कप्तान सलीमा टेटे ने दौरे को टीम की तैयारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, 'पूरी टीम इस दौरे को लेकर काफी उत्साहित है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उनके घर में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है और यही चुनौती हमें इस समय चाहिए।'

फिटनेस और रणनीति पर हुआ खास काम

सलीमा ने बताया कि टीम ने पिछले कुछ हफ्तों में कड़ा ट्रेनिंग कैंप किया, जिसमें फिटनेस, कॉम्बिनेशन और रणनीति पर काफी मेहनत की गई। 'हमने ट्रेनिंग कैंप में फिटनेस और टैक्टिकल गेम पर काफी काम किया है। मुझे लगता है कि टीम अब बेहतर तालमेल के साथ मैदान पर उतरने के लिए तैयार है।' उन्होंने कहा कि पर्थ में होने वाले मुकाबले टीम को अपनी रणनीतियों को परखने का शानदार मौका देंगे।

एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप पर भी नजर

भारतीय कप्तान ने साफ कहा कि टीम का फोकस सिर्फ नेशंस कप तक सीमित नहीं है, बल्कि एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं पर भी नजर है। 'हम नेशंस कप में आत्मविश्वास और अच्छी लय के साथ उतरना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले हमें और मजबूत बनाएंगे। हमारा लक्ष्य सही समय पर अपनी सर्वश्रेष्ठ हॉकी खेलना है।'