स्पोर्ट्स डेस्क : हॉकी इंडिया ने 26 से 30 मई तक पर्थ में खेले जाने वाली चार मैचों की सीरीज के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। यह मुकाबले 26, 27, 29 और 30 मई को खेले जाएंगे। भारतीय टीम का यह दौरा जून में ऑकलैंड में होने वाले एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
सलीमा टेटे करेंगी टीम की कप्तानी
टीम की कमान अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। सलीमा ने भारत को 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। टीम में सविता, सुशीला चानू, लालरेमसियामी और नवनीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है।
युवा खिलाड़ियों को मिला बड़ा मौका
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने कई युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। सोनम, हिना बानो और लालथंतलुआंगी जैसी युवा प्रतिभाओं को टीम में शामिल किया गया है। डिफेंस में शिल्पी डबास और लालथंतलुआंगी को पहली बार सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है। वहीं दीपिका सोरेंग और सोनम अभी अपने सीनियर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार कर रही हैं।
गोलकीपिंग और डिफेंस में अनुभव का सहारा
गोलकीपिंग विभाग में अनुभवी सविता और बीचू देवी खारीबाम टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं डिफेंस में निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू और ज्योति जैसे खिलाड़ियों पर नजर रहेगी।
फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर से उम्मीदें
फॉरवर्ड लाइन की अगुवाई नवनीत कौर करेंगी। उनके साथ बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, इशिका और हिना बानो जैसी खिलाड़ी शामिल हैं। टीम को उम्मीद होगी कि नवनीत अपनी शानदार गोल स्कोरिंग फॉर्म जारी रखेंगी।
कोच ने युवा खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
मुख्य कोच शॉर्ड मारिन ने टीम चयन को लेकर कहा कि स्क्वाड में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन रखा गया है। उन्होंने कहा, 'कुछ खिलाड़ियों को पहली बार इंटरनेशनल स्तर पर मौका मिलेगा। खिलाड़ियों के विकास के लिए दबाव वाले मुकाबलों में खेलना बेहद जरूरी होता है। मुझे उम्मीद है कि ये खिलाड़ी इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगी।'
नेशंस कप की तैयारी के लिए अहम होगा दौरा
भारतीय महिला टीम इस साल अर्जेंटीना दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी है, जहां टीम ने चार मैचों की सीरीज में दो जीत दर्ज की थीं। अब ऑस्ट्रेलिया दौरा टीम के लिए आगामी बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी रणनीति और संयोजन मजबूत करने का अहम मौका होगा।