Sports

मुंबई : दूसरे हाफ में सार्थक गोलुई को दूसरी बार पीला कार्ड दिए जाने के बाद 10 खिलाड़ियों से खेल रही मुंबई सिटी एफसी ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन में अपने घर मुंबई फुटबाल एरेना में हैदराबाद एफसी को 2-1 से हरा घर में अपनी पहली जीत दर्ज की। मुंबई के लिए दोनों गोल मोदू सोगू ने किए। इस जीत ने मुंबई को चौथे स्थान पर पहुुंचा दिया है। उसके अब 10 मैचों में 16 अंक हो गए हैं।

मैच के 6वें मिनट में ही मुंबई ने गोल किया और उसे 1-0 की बढ़त मिल गई। शुरुआत शुभाशीष बोस के पास से हुुुई जिससे गेंद कार्लोस डिएगो के पास चली गई। मौका देखते ही उन्होंने सोगू को गेंद दे दी। खाली पड़े नेट में सोगू ने गेंद को पहुंचा दिया और मेजबान टीम के दर्शक झूमने लगे। उधर दबाव में आई हैदराबाद 14वें मिनट में बराबरी का मौका गंवा कर और हताश हो गई। उसने हालांकि अपने प्रयास जारी रखे और 23वें मिनट में फिर उसे मौका मिला। इस बार भी मेहमान टीम सफल नहीं हो सकी। यहां हैदराबाद को कॉर्नर मिला जिस पर बोबो को गोल करने का मौका मिला जो जाया हो गया।

मुंबई ने पहले हाफ का अंत 1-0 के स्कोर के साथ ही किया। हैदराबाद ने दूसरे हाफ की शुरुआत एक बदलाव के साथ की। एस शंकर को अंदर बुला रोहित को बाहर भेजा। 52वें मिनट में जाइल्स बार्नेस ने लेफ्ट फ्लेंक से फ्री किक ली और उसे शंकर को पास किया। शंकर ने हेडर से उसे आदिल के पास भेजा और गेंद बोबो के पास पहुंची जिन्होंने उसे खाली नेट की तरफ धकेल दिया। हैदराबाद के खाते में गोल आ ही रहा था कि गेंद उसके ही खिलाड़ी मैथ्यू किलगालोन की पीठ से टकरा गई और फिर मुंबई के डिफेंस ने उसे क्लीयर कर दिया।

इसके बाद हैदराबाद ने दो बदलाव किए। 58वें मिनट में शंकर बाहर चले गए और रोबिन अंदर आए। वहीं 62वें मिनट में बार्नेस को बाहर बुला हैदराबाद के कोच ने माकर स्टानोविक को अंदर भेजा। वहीं मुंबई को झटका लगा और रेफरी ने सार्थक को इस मैच में दूसरी बार पीला काडर् दिखा दिया था जो रेड काडर् में तब्दील हो गया था। इसी कारण मुंबई अब 10 खिलाड़यिों के साथ खेल रही थी। 70वें मिनट में फिर मुंबई के खिलाड़ी एनगोई को पीला काडर् मिला। मुंबई के कोच ने इस बार रिस्क नहीं ली और शौविक चक्रवर्ती को मैदान पर भेज दिया।

मुंबई इन सभी से कमजोर नहीं पड़ी और सोगू ने 78वें मिनट में उसके खाते में दूसरा गोल डाल दिया। इस बार बिद्यानंदा सिंह ने इस गोल में उनकी मदद की। सिंह ने सोगू को एरियल शॉट दिया जिस पर उन्होंने बेहतरीन तरीके से हैदराबाद के गोलकीपर कमलजीत को बीट कर स्कोर 2-0 कर दिया। हैदराबाद की किस्मत देर से ही सही लेकिन जागी और उसे गोल करने का मौका मिला। 81वें मिनट में बोबो ने आशीष राय की मदद से गेंद को गोलपोस्ट में डाल हैदराबाद का खाता खोला। यहां से मुंबई सर्तक रहकर अपनी बढ़त को बनाए रखते हुए जीत हासिल करने में सफल रही।