Sports

नई दिल्ली : भारतीय ओलिम्पिक संघ (आई.ओ.ए.) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने बताया कि ओलिम्पिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाडिय़ों का पहला दल 17 जुलाई को टोक्यो रवाना होगा। आई.ओ.ए. इससे तीन दिन पहले 14 जुलाई को अपने खिलाडिय़ों को टोक्यो भेजना चाहता था लेकिन खेलों के आयोजकों ने उनका आग्रह स्वीकार नहीं किया जिस पर आईओए प्रमुख ने निराशा व्यक्त की। भारतीय खिलाडिय़ों और अधिकारियों को टोक्यो पहुंचने पर तीन दिन के अनिवार्य पृथकवास पर रहना होगा। भारतीय दल में 120 से अधिक सदस्य शामिल हैं।

टोक्यो आयोजन समिति के क्षेत्रीय प्रबंधक काते योनेयामा को भेजे गये पत्र में बत्रा ने लिखा है कि आवश्यक मंजूरी लंबित होने के कारण आईओए के पास खिलाडिय़ों का पहला दल 17 जुलाई को भेजने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि 17 जुलाई को रवाने वाले दल में कितने सदस्य शामिल होंगे।

आईओए प्रमुख ने लिखा- टोक्यो आयोजन समिति से हमें आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए हम भारतीय दल को 17 जुलाई को भेजने की तैयारी कर रहे हैं जो 18 जुलाई को टोक्यो पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि हम बेहद निराश हैं कि हमारे आग्रह को मंजूर नहीं किया गया। भारत पर लगाए गए सात दिन पहले प्रस्थान करने के चिकित्सा प्रोटोकॉल को देखते हुए हमारे पास 17 जुलाई को रवाना होने और 18 जुलाई को वहां पहुंचने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होने वाले टोक्यो ओलिम्पिक खेलों का आयोजन दर्शकों के बिना किया जाएगा।