Sports

नई दिल्ली : भारतीय गोल्फ संघ (IGU), जिसे भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS) द्वारा राष्ट्रीय खेल महासंघ (NSF) के रूप में मान्यता प्राप्त है, मलेशिया के सेलांगोर में 28 से 30 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित मलेशिया लेडीज एमेच्योर ओपन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवा गोल्फरों सीरत कांग और गुंतास कौर संधू की दो सदस्यीय भारतीय टीम भेज रहा है। 

पंचकूला की सीरत कांग वर्तमान में आईजीयू लेडीज ऑडर्र ऑफ मेरिट में पहले स्थान पर हैं, जबकि चंडीगढ़ की गुंतास कौर संधू दूसरे स्थान पर काबिज हैं। इस प्रतियोगिता का 40वां संस्करण सेलांगोर के ग्लेनमेरी गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित किया जाएगा। इस कोर्स की कोर्स रेटिंग 72.1 तथा स्लोप रेटिंग 122 है। तीन राउंड की इस प्रतियोगिता में लगभग 20 देशों के 40 शौकिया गोल्फर हिस्सा लेंगे। 

व्यक्तिगत विजेताओं का फैसला 54 होल के बाद किया जाएगा, जबकि टीम चैंपियन का निर्धारण 36 होल के बाद दोनों खिलाड़यिों के संयुक्त स्कोर के आधार पर होगा। 19 वर्षीय सीरत कांग का 2025-26 सत्र बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 20 प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए 12 बार शीर्ष-10 में स्थान बनाया, जिसमें पिछले वर्ष ग्रीन्स टू ग्लोरी जूनियर मास्टर्स चैंपियनशिप का खिताब भी शामिल है। 

अपनी तैयारियों के बारे में सीरत ने कहा, 'मैं वर्तमान में आईजीयू मेरिट सूची में पहले स्थान पर हूं और मलेशिया लेडीज़ गोल्फ चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। अपने देश के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात होती है और मुझे उम्मीद है कि मैं अपने प्रदर्शन से भारत का नाम रोशन कर सकूंगी।' 

दूसरी ओर, गुंतास कौर संधू ने आईजीयू एमेच्योर सकिर्ट में 20 प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए 13 बार शीर्ष-10 में स्थान बनाया और चार खिताब अपने नाम किए। 15 वर्षीय गुंतास ने 2025-26 सत्र में आईजीयू ईस्टर्न इंडिया लेडीज, आईजीयू सदर्न इंडिया लेडीज, आईजीयू महाराष्ट्र लेडीज़ तथा आईजीयू वेस्ट बंगाल लेडीज़ प्रतियोगिताओं का खिताब जीता। 

गुंतास ने कहा, '40वें मलेशिया लेडीज़ एमेच्योर ओपन में खेलने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। मेरी तैयारियां अच्छी चल रही हैं और मैंने अपने खेल के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया है। मेरी कोशिश होगी कि हर राउंड में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं, इस अनुभव का पूरा आनंद लूं और इस अवसर का भरपूर लाभ उठाऊं। मुझे यह अवसर देने के लिए मैं आईजीयू की बेहद आभारी हूं। मैं भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।' भारतीय गोल्फ संघ (IGU) दोनों खिलाड़ियों को मलेशिया में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता है और उनके सफल प्रदर्शन की कामना करता है। 

NO Such Result Found