स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम यूनिटी कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड की राजधानी लंदन पहुंच गई है। भारत 24 साल बाद इंग्लैंड में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने जा रहा है। इससे पहले भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2002 में इंग्लैंड की धरती पर मुकाबला खेला था।
खालिद जमील की अगुआई वाली भारतीय टीम रविवार सुबह बेंगलुरु से लंदन के लिए रवाना हुई। इंडियन सुपर लीग 2025-26 के समाप्त होने के तुरंत बाद 22 मई को राष्ट्रीय कैंप लगाया गया था।
मोहन बागान ने वापस बुलाए खिलाड़ी
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका भी लगा। मोहन बागान सुपर जायंट ने 23 मई को अपने खिलाड़ियों को नेशनल कैंप से वापस बुला लिया। आखिरी समय में खिलाड़ियों की वापसी के कारण भारतीय टीम 17 खिलाड़ियों के साथ ही लंदन रवाना हुई। हालांकि गोलकीपर ऋतिक तिवारी अलग से यात्रा कर रहे हैं और सोमवार को टीम के साथ जुड़ेंगे।
जमैका से होगा भारत का मुकाबला
भारत फीफा रैंकिंग में फिलहाल 136वें स्थान पर है। भारतीय टीम 27 मई की आधी रात को यूनिटी कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में जमैका से भिड़ेगी, जिसकी फीफा रैंकिंग 71 है। वहीं पहले सेमीफाइनल में नाइजीरिया और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी। नाइजीरिया फीफा रैंकिंग में 26वें स्थान पर है, जबकि जिम्बाब्वे 130वें नंबर पर मौजूद है।
तीसरे स्थान के लिए भी होगा मुकाबला
सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमें तीसरे स्थान के लिए प्ले-ऑफ मैच खेलेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले लंदन के प्रसिद्ध ‘द वैली’ स्टेडियम में खेले जाएंगे, जो चार्लटन एथलेटिक फुटबॉल क्लब का घरेलू मैदान है।
यूनिटी कप 2026 के लिए भारतीय टीम
गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, ऋतिक तिवारी, अल्बिनो गोम्स
डिफेंडर: राहुल भेके, निखिल पुजारी, रोशन सिंह नाओरेम, संदेश झिंगन, आकाश मिश्रा, बिजॉय वर्गीस, प्रमवीर
मिडफील्डर: जैक्सन सिंह थौनाओजम, नौफल पीएन, रिकी शाबोंग
फॉरवर्ड:रयान विलियम्स, एडमंड लालरिंडिका, लल्लियांजुआला छंगटे, रहीम अली, फारुख चौधरी।