स्पोर्ट्स डेस्क : चेन्नई में खेले गए U19 महिला टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 11 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दीक्षा कटरगड्डा दूसरे ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद तनिष्का शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा।
तनिष्का ने 56 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल थे। उन्होंने इरा जाधव (26 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम की पारी को संभाला।
मध्यक्रम ने भी दिया अहम योगदान
तनिष्का के अलावा कुमारी पलक ने 18 गेंदों पर 21 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि काश्वी कंडिकुप्पा ने 12 रन जोड़े। इन योगदानों की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 134 रन बनाए। श्रीलंका की गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में कुछ विकेट जरूर निकाले, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
जाह्नवी और मैत्री ने गेंद से मचाया धमाल
135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को विमोक्षा बालासूर्या ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने 52 गेंदों पर 61 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। जाह्नवी वीरकर ने 14 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि मैत्री मनियार ने 26 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
विमोक्षा की पारी के बावजूद श्रीलंका नहीं पार कर पाया लक्ष्य
विमोक्षा ने संजना कविंदी (14) और मनुडी नानायक्कारा (24) के साथ उपयोगी साझेदारियां कीं, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने समय-समय पर विकेट निकालकर मैच का रुख अपने पक्ष में रखा। मैत्री ने 16वें ओवर में मनुडी को आउट किया और फिर 18वें ओवर में सेट बल्लेबाज विमोक्षा बालासूर्या का विकेट लेकर श्रीलंका की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। इसके बाद श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 123 रन ही बना सकी।
भारत ने सीरीज में बनाई अजेय बढ़त
इस जीत के साथ भारतीय अंडर-19 महिला टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा, जहां भारत क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगा।