Sports

बेंगलूरू : भारतीय पुरूष हाकी टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला में विजयी शुरुआत की है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4-2 से हरा दिया। भारत के लिए रूपिंदर पाल सिंह ने दूसरे और 34वें मिनट में दो गोल किए। इसके अलावा मनदीप सिंह ने 15वें और हरमनप्रीत सिंह ने 38वें मिनट में गोल दागे। न्यूजीलैंड के लिए स्टीफन जेनेस ने 26 वें और 55 वें मिनट में गोल दागे। भारत को शुरूआती मिनट में ही पेनल्टी कार्नर मिला जिसे रूपिंदर ने गोल में बदला। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के बाद टीम में वापसी कर रहे रूपिंदर के शाट को न्यूजीलैंड के गोलकीपर रिचर्ड जायस बचा नहीं सके।
PunjabKesari
न्यूजीलैंड को सातवें मिनट में बराबरी का मौका मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक ने गोल नहीं होने दिया। भारत के लिए 15वें मिनट में मनदीप ने दूसरा गोल किया जिसे मनप्रीत सिंह से क्रास मिला था। दूसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने डिफेंस मजबूत किया लेकिन भारत को 22 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला। इस पर गोल नहीं हो सका। न्यूजीलैंड के लिए 26वें मिनट में जेनेस ने पहला गोल दाग।
PunjabKesari
हाफ टाइम के बाद भारत ने आक्रमण में तेजी की। फारवर्ड एसवी सुनील ने भारत को तीसरा पेनल्टी कार्नर दिलाया जिसे रूपिंदर ने गोल में बदला। इसके बाद 38वें मिनट में सुनील ने एक और पेनल्टी कार्नर भारत को दिलाया जिस पर हरमनप्रीत ने भारत का चौथा गोल किया। आखिरी क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने लगातार हमले बोले और जेनेस ने दूसरा गोल कर दिया। आखिरी सीटी बजने से चार मिनट पहले न्यूजीलैंड को पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन निक वुड्स गोल नहीं कर सके। इसके तीन मिनट बाद फिर कीवी टीम को पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन सूरज करकेरा ने फिर गोल बचाया। दूसरा टेस्ट शनिवार को खेला जाएगा।