Sports

कुआलालंपुरः एक महीने के ब्रेक के बाद तरोताजा महसूस कर रहे पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत सहित भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी कल यहां 700000 डालर इनामी मलेशिया ओपन के साथ शुरू हो रहे बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर के दक्षिण - पूर्व एशिया चरण में अच्छी शुरुआत के इरादे से उतरेंगे। वयस्त सत्र से पहले पूर्ण फिटनेस हासिल करने के लिए श्रीकांत और सिंधू ने मई में थामस एवं उबेर कप फाइनल्स में हिस्सा नहीं लिया था। आगामी सत्र काफी व्यस्त है जिसमें लगातार 1250000 डालर इनामी इंडोनेशिया ओपन , 350000 डालर इनामी थाईलैंड ओपन और 355000 डालर इनामी सिंगापुर ओपन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा है जबकि इनके बाद एशियाई खेले होंगे।            

श्रीकांत और सिंधू अच्छी फार्म में हैं और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने में सफल रहे थे लेकिन इस बहु खेल प्रतियोगिता ने उनके शरीर पर असर डाला जिसके बाद उन्हें अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत करनी पड़ी। चौथे वरीय श्रीकांत सत्र का अपना पहला खिताब जीतने के अभियान की शुरुआत दुनिया के पूर्व दूसरे नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के यान ओ योर्गेनसन के खिलाफ करेंगे जो टखने की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं। सिंधू ने पिछले साल तीन खिताब जीते थे जबकि वह तीन टूर्नामेंट में उप विजेता रही जिसमें विश्व चैंपियनशिप और दुबई सुपर सीरीज भी शामिल है। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले हालांकि उनके टखने में चोट थी। इंडिया ओपन की उप विजेता रही सिंधू पहले दौर में जापान आया ओहोरी से भिड़ेंगी जबकि क्वार्टर फाइनल में उनका सामना ओलंपिक चैंपियन कैरोलिना मारिन से हो सकता है। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता और इस साल इंडोनेशिया ओपन की उप विजेता साइना नेहवाल को पहले दौर में हांगकांग की यिप पुई यिन का सामना करना है।            

अन्य भारतीयों में बी साई प्रणीत चीनी ताइपे के वांग जू वेई से भिड़ेंगे जबकि समीर वर्मा को इंडोनेशिया के टामी सुगियार्तो के खिलाफ खेलना है। एचएस प्रणय ने मलेशिया ओपन में नहीं खेलने का फैसला किया है। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता जोड़ी का सामना पहले दौर में ताकुते इनायी और युकी कानेको की जापान की सातवीं वरीय जोड़ी से होगा जबकि मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी को मोहम्मद अहसन और हेंद्रो सेतियावान की इंडोनेशिया की जोड़ी से खेलना है। मिश्रित युगल में प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की भिड़ंत पहले दौर में झेंग सिवेई और हुआंग याकियोंग की चीन की चौथी वरीय जोड़ी से होगी।