Sports

भोपाल : राज्य की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि ब्रेक डांस खेल को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश में ब्रेक डांस अकादमी शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। ब्रेक डांस को ओलम्पिक में शामिल किया गया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रेक डान्स 'ब्रेकिंग' के नाम से खेला जायेगा।

यशोधरा राजे ने कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। प्रदेश में जो अकादमियां संचालित हैं, वे सभी अकादमी ऑफ एक्सीलेंस हैं। सिंधिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति द्वारा ब्रेक डांस को ओलम्पिक ब्रेकिंग के नाम से शामिल किया गया है। ब्रेक डांस को ओलम्पिक में शामिल इसलिए किया गया है, क्योंकि यह डान्स युवाओं में बहुत लोकप्रिय है।

उन्होंने कहा कि कई रियलिटी-शो में प्रतिभाओं को परखा जा रहा है। ब्रेक डांस को खेल के रूप में शामिल करने से कई प्रतिभाओं को मौका भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अब अन्तर्राष्ट्रीय पदक है, इसलिए खेल विभाग द्वारा ऐसी ब्रेक डांसिंग प्रतिभाओं को खोजने के लिए प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इसका उद्देश्य यह है कि मध्यप्रदेश में ब्रेक डांसिंग में कितनी संभावनाएं हैं, इसका मूल्यांकन कर भविष्य में ब्रेक डान्स अकादमी खोलने पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित खेलों के साथ नये खेलों में भी प्रदेश की युवा प्रतिभाएं अपना कौशल दिखायें और पदक हासिल करें, यही हमारा लक्ष्य है।