Sports

स्पोटर्स डेस्क (अतुल वर्मा): ICC अवॉर्ड्स 2018 की घोषणा हो चुकी है और इस अवॉर्ड्स में रन मशीन विराट कोहली अपने नाम का डंका बजवा चुका है। कोहली ने ना केवल ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड अपने नाम किया, बल्कि वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर के अलावा पहली बार टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुने गए। ICC अवॉर्ड्स में किंग कोहली की गूंज के बीच एक और नाम का जिक्र भी जरूरी बनता है और वो नाम है भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दमदार खब्बू बल्लेबाज स्मृति मंधाना का। जिन्हें वुमेन कैटेगरी में ICC के 2 बड़े अवॉर्ड्स के लिए चुना गया।

पहली बार भारतीय पुरूष और महिला खिलाड़ी ने ICC अवॉर्ड्स पर जमाया कब्जा

Virat Kohli ICC Awards 2018

Smriti Mandhana ICC Awards 2018

बता दें कि क्रिकेट इतिहास में ये पहली बार हुआ है, जब भारतीय पुरूष क्रिकेट टीम के खिलाड़ी के साथ-साथ महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी ने भी ICC अवॉर्ड्स अपनी झोली में डाले हों। 22 साल की स्मृति ICC वुमन क्रिकेटर ऑफ द ईयर और वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर के खिताब के लिए चुनी गईं।

महिला क्रिकेट में भारत की ‘रन मशीन’ हैं स्मृति, 2018 में खूब बटौरे रन

Smriti Mandhana Indian Women Cricketer

साल 2018 में स्मृति ने 12 वनडे मैच खेलकर 66.90 की दमदार औसत से 669 रन बनाए थे। 2018 में विंडीज में हुए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भी स्मृति ने शानदार खेल दिखाते हुए 5 मैचों में 125.35 की स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाए थे। इसके अलावा 25 टी-20 मैचों में स्मृति ने 130 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 622 रन भी बनाए थे।

स्मृति ICC अवॉर्ड्स जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर

Smriti Mandhana Indian Women Cricketer

बता दें कि स्मृति ICC अवॉर्ड्स पाने वाली दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। उनके पहले ये अवॉर्ड भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी जीत चुके हैं। झूलन गोस्वामी को साल 2007 में ICC वुमन प्लेयर ऑफ द इयर चुना गया था।