स्पोर्ट्स डेस्क : वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के नए 'वंडरकिड' हैं, और उनकी धमाकेदार बैटिंग ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कुछ लोगों का मानना है कि अगर वह कभी IPL ऑक्शन में शामिल होते हैं, तो उन्हें करीब 30 करोड़ रुपए की बोली मिल सकती है। अभी राजस्थान रॉयल्स के साथ 1.10 करोड़ रुपए के सालाना कॉन्ट्रैक्ट पर चल रहे सूर्यवंशी को अपनी IPL सैलरी में बदलाव के लिए शायद एक और साल इंतजार करना पड़े। हालांकि अगर इंडस्ट्री के जानकारों की मानें तो इस 15 साल के खिलाड़ी ने अपनी ब्रांड एंडोर्समेंट फीस पहले ही दोगुनी कर ली है।
IPL 2026 का सीजन सूर्यवंशी के लिए 776 रनों के साथ खत्म हुआ, जिसमें उनका स्ट्राइक-रेट 237.30 रहा, जो एक नया ट्रेंड सेट करने वाला था। इन आंकड़ों की बदौलत उन्हें कई अवॉर्ड मिले जिनमें प्रतिष्ठित 'ऑरेंज कैप' और सीजन के 'सबसे कीमती खिलाड़ी' (Most Valuable Player) का खिताब शामिल है। जहां एक तरफ सूर्यवंशी के माता-पिता ब्रांड एंडोर्समेंट से जुड़े उनके काम को संभाल रहे हैं, वहीं उनकी IPL फ्रेंचाइजी, राजस्थान रॉयल्स भी इस काम में उनकी मदद कर रही है। इस युवा खिलाड़ी को पहले ही कॉम्प्लान और रेड बुल जैसे ब्रांड्स का प्रचार करते देखा जा चुका है और अब IPL में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए कई दूसरे ब्रांड्स भी उन्हें साइन करने की होड़ में लगे हैं।
इंडस्ट्री के एक जानकार ने NDTV से नाम न बताने की शर्त पर बताया कि सूर्यवंशी ने अपनी एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी कर ली है। सूत्र के हवाले से कहा गया, 'IPL से पहले, उन्होंने कुछ ब्रांड्स के साथ 1 करोड़ रुपए की रेंज में करार किए थे, लेकिन अब वह एंडोर्समेंट के लिए 1.5 से 2 करोड़ रुपए की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कॉम्प्लान और रेड बुल के साथ 1 करोड़ रुपए की रेंज में डील की थी। यह एक अंदाजन कीमत है, लेकिन अब वह 1.5 से 2 करोड़ रुपए की उम्मीद कर रहे हैं।'
महज 15 साल की उम्र में सूर्यवंशी अभी अपने क्रिकेट करियर की बिल्कुल शुरुआत में हैं। जैसे-जैसे IPL 2026 भारतीय क्रिकेट में उनकी ब्रांड वैल्यू को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। वहीं कई पूर्व क्रिकेटरों, दिग्गजों और विशेषज्ञों ने तो अभी से ही सूर्यवंशी की तुलना सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सुनील गावस्कर जैसे महान खिलाड़ियों से करनी शुरू कर दी है।