Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : महज 19 दिन में 5 गोल्ड मेडल जीतने वाली हिमा दास की लोग खूब तारीफ कर रहे हैं। यहां तक की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी सराहना की। हाल ही में उन्होंने चेक गणराज्य में नोवे मेस्टो नाड मेटुजी ग्रां प्री में महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में पहला स्थान हासिल करते हुए पांचवां स्वर्ण पदक जीता था। अब हिमा का एक वीडियो खूब चर्चा में है। इसमें वह कुकिंग करते और असमिया शैली की दाल बनाते नजर आ रही हैं। 

तेजी से वायरल हो रही इस वीडियो में हिमा यूरोपिय होटल के एक कमरे में दाल बना रही हैं। वह कहती है कि रविवार के कारण आज कोई अभ्यास सत्र नहीं था और फ्री थी। ऐसे में इंजॉय के लिए भारतीय खासकर असमिया शैली की दाल तैयार की है। दाल की सुगंध की वजह से खिंचे चले आए लोग उनसे पूछने लगे कि उन्होंने (हिमा ने) क्या पकाया है। 

 

हिमा ने कहा कि वह एक अन्य भारतीय एथलीट सरिताबेन गायकवाड़ के साथ बाजार गई थीं, जहां से वह सॉस-पैन और खाना पकाने के लिए आवश्यक चीजें खरीद लाईं, जबकि उनके पास इंडक्शन कुकटॉप पहले से तैयार था। उन्होंने कहा कि देश के बाहर खाना पकाने में एक अलग तरह का आनंद आया। अंत में हिमा ने कैचफ्रेज़ "मोन जय" (जो असमिया में मोटे तौर पर- मुझे पसंद है') के साथ इस वीडियो को समाप्त किया।