Sports

जालन्धर : आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 के दौरान भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का तेज तर्रार रूप देखने को मिला। वह जब बैटिंग करने आए थे तब टीम इंडिया का स्कोर 169 रन था। उन्होंने आते ही तेज शॉट लगाने शुरू कर दिए। खास तौर पर केविन ओ ब्रायन के आखिरी ओवर में तो उन्होंने जमकर खबर ली। आखिरी ओवर में पांडया ने कुल 21 रन जोड़े इसमें दो छक्के और एक चौका भी शामिल था। वैसे पूरे मैच के दौरान पांड्या ने 9 गेंद में 32 रन बनाए। ऐसा कर वह टी-20 में सबसे तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। इस लिस्ट में अभी भी पहले नंबर पर भारत के ही युवराज सिंह बने हुए हैं। 

युवराज ने 2007 टी-20 वल्र्ड कप के दौरान महज 16 गेंदों में 58 रन बनाए थे। तब उनका स्ट्राइक रेट 362.50 रहा था। इसके बाद न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो का नाम आता है। मुनरो ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ 357 की स्ट्राइक रेट से 14 गेंदों में 50 रन बनाए थे। पांड्या ने अपनी पारी के साथ जे मुबारक के रिकॉर्ड को तोड़ा है। मुबारक ने केन्या के खिलाफ 2007 में 13 गेंदों पर 46 रन बनाए थे। तब उनका स्ट्राइक रेट 353 रहा था।

टीम इंडिया ने मैच के दौरान 13 छक्के लगाए। ऐसा कर उन्होंने टी-20 की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का तीसरा सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया। बता दें कि भारत टी-20 की एक पारी में श्रीलंका के खिलाफ पिछले साल हुए टी-20 मैच दौरान 21 छक्के मार चुका है।
बता दें कि आयरलैंड के खिलाफ 213 रन भारतीय टीम को चौथा सर्वाधिक रनों का आंकड़ा है। इस लिस्ट में इंदौर के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ पिछले साल बनाए गए 260 रन टॉप पर है।