Sports

रांची: भारतीय एथलेटिक्स में ऐतिहासिक बन गया जब Gurindervir Singh ने 100 मीटर दौड़ को 10.09 सेकेंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया। रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित फेडरेशन कप के फाइनल में गुरिंदरवीर ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने, जिन्होंने 100 मीटर को ‘10.0 सेकेंड’ के दायरे में पूरा किया।

इससे पहले सेमीफाइनल में Animesh Kujur ने 10.15 सेकेंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था, जबकि गुरिंदरवीर ने 10.17 सेकेंड दौड़ा था। लेकिन फाइनल में गुरिंदरवीर ने दमदार वापसी करते हुए 10.09 सेकेंड के साथ इतिहास रच दिया। वहीं अनिमेष ने 10.20 सेकेंड का समय निकाला।

गुरिंदरवीर की शुरुआत बेहद तेज रही और उन्होंने पूरी रेस में अपनी बढ़त बनाए रखी। फिनिश लाइन पार करते ही उन्होंने अपनी जर्सी से बिब नंबर निकालकर ट्रैक पर फेंका और जोरदार अंदाज में जश्न मनाया। उनके बिब पर लिखा था, “Task is not finished yet” और नीचे डबल अंडरलाइन के साथ 10.10s लिखा हुआ था, जिसे उन्होंने पार कर दिखाया।

तीन साल पहले पाचन संबंधी बीमारी के कारण गुरिंदरवीर को एक साल तक ट्रैक से दूर रहना पड़ा था। उस समय उन्हें सिस्टम से ज्यादा समर्थन नहीं मिला, लेकिन बाद में Reliance Foundation से जुड़ने के बाद उनकी ट्रेनिंग, फिटनेस और प्रदर्शन में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने कहा कि अनिमेष और बाकी साथी खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा ने उन्हें बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया।

अब गुरिंदरवीर और अनिमेष दोनों ने कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन मार्क को पार कर लिया है। गुरिंदरवीर का मानना है कि आने वाले समय में भारतीय धावक 10 सेकेंड से कम समय में भी 100 मीटर दौड़ते नजर आएंगे।