Sports

दोहा : गोमती मारिमुतु ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल करके एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सोमवार को यहां भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। भारत ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल चार पदक जीते। तीस वर्षीय गोमती ने दो मिनट 02.70 सेकेंड का समय निकालकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और भारत को सोने का तमगा दिलाया। इसके बाद शिवपाल ने पुरूषों के भाला फेंक में रजत पदक हासिल किया। उन्होंने 86.23 मीटर भाला फेंका जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

शिवपाल ने 83 मीटर के क्वालीफाईंग मार्क को हासिल करके विश्व चैंपियनशिप के लिये भी क्वालीफाई किया जो सितंबर अक्टूबर में इसी स्थान पर होगी। जाबिर मदारी पल्लियालिल और सरिताबेन गायकवाड़ ने क्रमश: पुरूषों और महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीते। इन चार पदकों से भारत के कुल पदकों की संख्या नौ हो गयी जिसमें एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। 

भारत ने रविवार को दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे। फर्राटा धाविका दुती चंद ने 100 मीटर में लगातार दूसरे दिन अपना राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा। भारत को दूसरे दिन पहला पदक 24 साल की गायकवाड़ ने दिलवाया। उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ 57.22 सेकेंड में पूरी की। जाबिर ने इसके बाद 49.13 सेकेंड के साथ पुरूषों की इस स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया। जाबिर ने इसके साथ विश्व चैंपियनशिप के लिये भी क्वालीफाई किया जिसका क्वालीफाईंग मार्क 49.30 सेकेंड था। 

धारून अयासामी इस स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय थे। वह चोटिल होने के कारण एशियाई चैंपियनशिप में नहीं खेल पाये। महिलाओं की 100 मीटर में दुती ने 11.28 सेकेंड का समय निकालकर रविवार को बनाये गये 11.26 सेकेंड के खुद के रिकार्ड में सुधार किया। पुरूषों की 400 मीटर में मौजूदा चैंपियन मोहम्मद अनस और अरोकिया राजीव पदक जीतने नाकाम रहे। राजीव चौथे और अनस आठवें स्थान पर रहे।