Sports

नई दिल्लीः महिलाओं के लिए "सबसे खतरनाक देश' करार देने वाली रिपोर्ट को भारत ने खारिज किया। रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनीतिक माहाैल भी गर्मा चुका है, क्योंकि इससे देश को शर्मसार होना पड़ा। भारतीय क्रिकेटर गाैतम गंभीर ने इस रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए राजनेताओं को आड़े हाथों लिया आैर बातों-बातों में उन्हीं को इसका जिम्मेदार ठहराया। 

गंभीर ने मंगलवार को एक ट्वीट किया, जिसके जरिए उन्होंने देश के बड़े राजनेताओं पर निशाना साधा आैर बताया कि कैसे महिलाओं को सुरक्षित रखा जा सकता है। गंभीर ने ट्वीट करते हुए लिखा है- जिस दिन राजनेताओं की बेटी, बहन, पत्नी और मां बिना किसी सिक्योरिटी के साथ घर से बाहर निकलना शुरू कर देगीं। उस दिन हमें इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। शर्मनाक... भारत महिलाओं के लिए दुनिया का सबसे असुरक्षित देश है। अमेरिका 10वें नंबर पर- CNN. 


PunjabKesari

यह पहला माैका नहीं जब गंभीर ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हों। इससे पहले भी गौतम रेप के मुद्दे पर अपनी बात सामने रख चुके हैं। एक न्यूजपेपर में लिखे एक कॉलम में गंभीर ने लिखा था कि मुझे कई बार डर लगता है कि अगर कभी मेरी बेटियों ने मुझसे रेप शब्द का अर्थ पूछ लिया तो? गंभीर ने लिखा था कि, आजकल बच्चों के साथ रेप की घटनाएं तकरीबन हर दिन सुनने और देखने को मिलती हैंष ऐसे में मुझे डर लगता है कि मेरी दोनों बेटियां कहीं इस शब्द का अर्थ न पूछ बैठें। दो बेटियों का पिता होने पर मुझे खुशी और गर्व है, लेकिन कई बार मैं परेशान भी होता हूं। उन्होंने कहा, हालांकि स्कूल में गुड और बैड टच के बारे में उन्हें बताया जाता है, लेकिन जिस तरह ये अपराध रोजाना हो रहे हैं, उसे देखकर विचलित भी हूं।

रिपोर्ट में भारत को महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से दुनिया का सबसे खतरनाक देश बताया गया है। यौन अपराध अौर जबरन उनसे काम करवाए जाने के चलते भारत की यह स्थिति आई है। महिला विषयों के 548 जानकारों की राय से यह रिपोर्ट तैयार की गई है। थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन के सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान, सीरिया भारत के बाद दूसरे व तीसरे नंबर पर हैं। इसके बाद सोमालिया व सऊदी अरब हैं। भारत ने महिलाओं के प्रति अपराधों से निपटने के लिए जरूरी प्रयास नहीं किए। 

मानव तस्करी के मामले में भी भारत सबसे आगे
इस रिपोर्ट के अनुसार भारत, लीबिया और म्यांमार मानव तस्करी के मामले में सबसे खतरनाक माने गए हैं। नाइजीरिया और रूस संयुक्त तौर पर चौथे नंबर पर हैं। मानव तस्करी के 10 पीड़ितों में से 7 महिलाएं होती हैं। 

महिलाओं के लिए दुनिया के 10 सबसे खतरनाक देश-
1. भारत 
2. अफगानिस्तान 
3. सीरिया 
4. सोमालिया 
5. सऊदी अरब 
6. पाकिस्तान 
7. डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो 
8. यमन 
9. नाइजीरिया 
10. अमेरिका