Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : FIFA World Cup 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। 48 टीमों के साथ पहली बार खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में अब सिर्फ आठ टीमें बची हैं, जो 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए क्वार्टर फाइनल में भिड़ेंगी। हालांकि, इस बार टूर्नामेंट ने एक ऐसा इतिहास भी रचा है, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला था। पहली बार ब्राजील और जर्मनी दोनों ही विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं।

पहली बार ब्राजील और जर्मनी दोनों क्वार्टर फाइनल से बाहर

विश्व कप इतिहास में यह पहला मौका है जब फुटबॉल की दो सबसे सफल टीमों ब्राजील और जर्मनी में से कोई भी अंतिम आठ में नहीं पहुंच पाया। अब तक खेले गए 17 विश्व कप में 10 बार दोनों टीमें एक साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं। जर्मनी 1938, 1950, 2018 और 2022 में अंतिम आठ से बाहर रहा था, जबकि ब्राजील 1934, 1966 और 1990 में क्वार्टर फाइनल तक नहीं पहुंच सका था। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ था कि दोनों टीमें एक साथ बाहर हो जाएं। इस बार ब्राजील को प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ-16) में नॉर्वे ने हराया, जबकि जर्मनी का सफर राउंड ऑफ-32 में पराग्वे के हाथों खत्म हो गया।

क्वार्टर फाइनल में यूरोप का दबदबा

विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में यूरोप की छह टीमों ने जगह बनाई है। इनके अलावा दक्षिण अमेरिका से सिर्फ अर्जेंटीना और अफ्रीका से मोरक्को अंतिम आठ में पहुंचने में सफल रहे हैं।

क्वार्टर फाइनल में पहुंची टीमें:

अर्जेंटीना
फ्रांस
इंग्लैंड
स्पेन
बेल्जियम
स्विट्जरलैंड
नॉर्वे
मोरक्को

कतर विश्व कप 2022 में भी पांच यूरोपीय टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं, लेकिन इस बार यह संख्या बढ़कर छह हो गई है।

क्या मिलेगा नया विश्व चैंपियन?

क्वार्टर फाइनल में पहुंची आठ टीमों में से केवल चार टीमें पहले विश्व कप जीत चुकी हैं।

अर्जेंटीना – 3 बार चैंपियन
फ्रांस – 2 बार चैंपियन
इंग्लैंड – 1 बार चैंपियन
स्पेन – 1 बार चैंपियन

वहीं बेल्जियम और मोरक्को कभी सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सके हैं। स्विट्जरलैंड 1954 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है, जबकि नॉर्वे ने पहली बार प्री-क्वार्टर फाइनल की बाधा पार की है। ऐसे में 2010 में स्पेन के बाद पहली बार फुटबॉल जगत को नया विश्व चैंपियन मिलने की संभावना भी बढ़ गई है।

फ्रांस और अर्जेंटीना शानदार लय में

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और किलियन एम्बाप्पे की अगुआई वाली फ्रांस दोनों ही शानदार फॉर्म में हैं। फ्रांस ने अब तक अपने सभी पांच मुकाबले निर्धारित 90 मिनट के भीतर जीते हैं। दूसरी ओर, अर्जेंटीना ने भी पांचों मैच जीते हैं, लेकिन राउंड ऑफ-32 में केप वर्दे के खिलाफ मुकाबला अतिरिक्त समय तक गया था, जहां लियोनेल मेसी की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की। स्पेन और इंग्लैंड ने चार-चार जीत के साथ एक-एक मैच ड्रॉ खेला है। नॉर्वे ने भी चार मुकाबले जीते, जबकि बेल्जियम, मोरक्को और स्विट्जरलैंड ने तीन-तीन जीत और दो-दो ड्रॉ दर्ज किए हैं।