Sports

नई दिल्लीः 18वें एशियाई खेलों में दुष्यंत ने भारत की झोली में कांस्य पदक डालकर दिन की शुरुआत अच्छी की। दुष्यंत ने नौकायन में पुरुषों की लाइटवेट एकल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में तीसरा स्थान हासिल कर यह पदक जीता। फाइनल में दुष्यंत ने इस स्पर्धा को समाप्त करने में 7 मिनट और 18.76 सेकेंड का समय लगाते हुए कांस्य पर निशाना साधा। 

दुष्यंत ने 2014 में भी एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक दिलाया था। हालांकि, इस बार उनका समय पिछले एशियाई खेलों से बेहतर है। उन्होंने इंचियोन में 2014 में हुए एशियाई खेलों में इस स्पर्धा को 7 मिनट और 26.27 सेकेंड में पूरा किया था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी ह्यूनसु पार्क ने जीता। उन्होंने 7 मिनट और 12.86 सेकेंड का समय लिया। 

इसके अलावा, हांगकांग के चुन हिन चियु ने 7 मिनट और 14.16 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक पर कब्जा जमाया। रोइंग के डबल्‍स स्‍कल्‍स इवेंट में भारत के रोहित कुमार और भगवान सिंह ने देश को कांस्‍य पदक दिलाया है। रोइंग में भारत का यह दिन का दूसरा पदक रहा।